राजनीति

बारिश के कारण ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘सार्वजनिक महाभियोग’ कार्यक्रम टला, अब 31 अक्टूबर को होगा आयोजन

बारिश के कारण ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘सार्वजनिक महाभियोग’ कार्यक्रम टला, अब 31 अक्टूबर को होगा आयोजन

नई दिल्ली। वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन का प्रस्तावित ‘सार्वजनिक महाभियोग’ कार्यक्रम अब शनिवार, 31 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। पहले यह कार्यक्रम शुक्रवार को होना था, लेकिन बारिश के चलते विपक्षी दलों ने इसे एक दिन आगे बढ़ाने का फैसला किया है। कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर होगा।

शुक्रवार को 10 राजाजी मार्ग पर ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों को बताया कि मौसम को देखते हुए सभी विपक्षी दलों ने सर्वसम्मति से कार्यक्रम की तारीख बदलने का निर्णय लिया है। बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे समेत गठबंधन के विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

रविवार को रामलीला मैदान तक निकलेगा विपक्ष का मार्च

राहुल गांधी ने बताया कि रविवार को वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्षी दलों की ओर से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद रैली आयोजित होगी। उन्होंने सामाजिक संगठनों, सिविल सोसायटी, पत्रकारों और आम लोगों से भी इसमें शामिल होने की अपील की।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब समेत कई राज्यों से दिल्ली आने वाले लोगों को गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद रैली में शामिल होने वाले लोगों की संख्या देश में व्याप्त आक्रोश को दर्शाएगी।

राहुल गांधी बोले- लोगों से वोट देने का अधिकार छीना जा रहा

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में लोगों के बीच गुस्सा और गहरा भावनात्मक दर्द है, क्योंकि लाखों लोगों से वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उद्योगपतियों अडानी और अंबानी तथा आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के लाभ के लिए जनता के वोटों की चोरी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह आंदोलन अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी दलों की साझा लड़ाई है। पूरा विपक्ष संविधान, भारत के विचार और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है।

धर्मेंद्र यादव बोले- लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूरा विपक्ष लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए ईवीएम से लेकर मतदाता सूचियों तक में हेरफेर किया गया है।

धर्मेंद्र यादव ने उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनावों में वाराणसी, लखनऊ, झांसी, प्रयागराज और आगरा सीटों पर भाजपा की हार का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नतीजों से विपक्ष को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की, वहां भी कुछ मतों के अंतर से बेईमानी के जरिए जीत हासिल की गई।

डेरेक ओ ब्रायन बोले- आंदोलन में सभी दल एक साथ

तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी दल इस लड़ाई में एकजुट हैं। उन्होंने सिविल सोसायटी, छात्रों, युवाओं, कामगारों और महिलाओं को भी आंदोलन में शामिल होने का न्योता दिया।

विपक्षी गठबंधन का कहना है कि वोट चोरी के मुद्दे पर यह अभियान लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। अब शनिवार को ‘सार्वजनिक महाभियोग’ कार्यक्रम और रविवार को रामलीला मैदान तक प्रस्तावित मार्च एवं रैली के जरिए विपक्ष इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *