राजनीति

यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र; बोले- तीसरी बार बनाएंगे सरकार

यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र; बोले- तीसरी बार बनाएंगे सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव मानकर पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य सामने रखा। शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी व्यक्तिगत नाराजगी और आकांक्षाओं को पीछे छोड़कर संगठन की मजबूती के लिए काम करना होगा।

‘अपनी नाराजगी गोमती में डालकर जाएं’, कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी सभी नाराजगियां गोमती नदी में डालकर जाएं और संगठन को मजबूत बनाने में जुटें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को अंगद का पैर बनाए रखना है। चुनाव के दौरान वह बार-बार कार्यकर्ताओं के बीच आएंगे और उनके कामकाज का हिसाब भी पूछेंगे। इसलिए सभी अपना बही-खाता दुरुस्त रखें।

शाह ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां अपनी जगह हैं, लेकिन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास के लिए व्यापक काम किए हैं। अब इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए 2027 में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेने को कहा।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना

अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की निरर्थक बयानबाजी का जवाब भाजपा 2027 में प्रदेश में फिर सरकार बनाकर देगी।

शाह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी लगातार चुनाव हार रही है, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता हासिल करने में नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि विपक्ष इसी तरह काम करता रहा तो उसे लंबे समय तक सत्ता में वापसी का अवसर नहीं मिलेगा। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश में भी भाजपा अगले 30 वर्षों तक मजबूत राजनीतिक स्थिति में बनी रहेगी।

योगी सरकार की कानून व्यवस्था और निवेश की तारीफ

केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और निवेश के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं।

शाह के मुताबिक, बेहतर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल बना है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा और बसपा के शासनकाल के कामकाज को मिला दिया जाए, तब भी योगी सरकार का एक कार्यकाल उनसे अधिक काम करने वाला साबित होगा।

एक्सप्रेसवे नेटवर्क और जेवर एयरपोर्ट का किया जिक्र

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय योजनाओं को जमीन पर उतारने में प्रतिबद्धता दिखाई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क है और जेवर में देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बन रहा है। केंद्र सरकार ने प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं।

शाह ने समाजवादी पार्टी पर गरीबों के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए संसाधन उपलब्ध कराए, जबकि योगी सरकार ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान गरीबों के हक का लाभ परिवार और करीबी लोगों तक सीमित रहा।

तीसरी बार सरकार बनने पर लागू होगी समान नागरिक संहिता: शाह

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने जो संकल्प लिया, उसे पूरा करके दिखाया। साथ ही दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को भी दोहराया।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में दंगों की घटनाओं में 70 प्रतिशत की कमी आई है। शाह ने कार्यकर्ताओं से जनता को यह बताने को कहा कि भाजपा के सत्ता में नहीं रहने की स्थिति में प्रदेश को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने माफिया तंत्र के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना भी की।

राम मंदिर और अयोध्या में गोलीकांड को लेकर सपा पर हमला

राम मंदिर के मुद्दे पर अमित शाह ने पिछली सरकारों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद संभव हुआ।

शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले लोग आज किस मुंह से प्रदेश में सरकार बनाने की बात करते हैं। शाह ने दावा किया कि प्रदेश की जनता इस राजनीतिक इतिहास को नहीं भूलेगी।

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को संसद में चर्चा की चुनौती

चुनाव में वोट चोरी के विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए अमित शाह ने कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष अपनी नाकामी का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

शाह ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर एक-एक आरोप पर चर्चा की जा सकती है और भाजपा हर सवाल का जवाब देने को तैयार है।

कई राज्यों में भाजपा की जीत का किया उल्लेख

अमित शाह ने पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि जब विपक्ष चुनावी आंकड़ों के अहंकार में डूबा हुआ था, उस दौरान भाजपा ने कई राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत की।

उन्होंने ओडिशा में पहली बार भाजपा की सरकार बनने, अरुणाचल प्रदेश में जीत, हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और असम में पार्टी की सफलता तथा दिल्ली में लंबे अंतराल के बाद भाजपा की सत्ता में वापसी का उल्लेख किया। पश्चिम बंगाल में भी पार्टी की राजनीतिक मजबूती का जिक्र करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के दावों से विचलित नहीं होने को कहा।

शाह ने राजीव गांधी के कार्यकाल का संदर्भ देते हुए कहा कि उस समय भाजपा का मजाक उड़ाया जाता था, लेकिन पार्टी ने चुनौतियों को अपनी ताकत बनाया। उन्होंने कहा कि आज नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की 22 राज्यों में सरकारें हैं। उनके मुताबिक, भाजपा की राजनीतिक यात्रा के पीछे संगठन और कार्यकर्ताओं का समर्पण है।

2014 और 2017 के चुनावों का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और 2014 तथा 2017 के चुनावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रदेश में भाजपा के पास सीमित विधायक थे। संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने तहसील स्तर तक जाकर काम किया।

शाह के अनुसार, संगठन की मजबूती का परिणाम 2014 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिला, जब भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 41 प्रतिशत वोट हासिल करते हुए 73 सीटें जीतीं। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटों पर जीत मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी संगठनात्मक ताकत के साथ 2027 के चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *