राष्ट्रीय

पहलगाम में बादल फटने से अचानक आई बाढ़, डोडा में फ्लैश फ्लड में फंसे स्कूली बच्चे; हरिद्वार में जलभराव से जनजीवन प्रभावित

पहलगाम में बादल फटने से अचानक आई बाढ़, डोडा में फ्लैश फ्लड में फंसे स्कूली बच्चे; हरिद्वार में जलभराव से जनजीवन प्रभावित

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में मौसम ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहलगाम के बटकूट इलाके में बुधवार शाम बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई, जबकि डोडा के कहारा इलाके में गंगूरी नाले में फ्लैश फ्लड आने से कई स्कूली बच्चे फंस गए। वहीं, हरिद्वार में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

पहलगाम में बादल फटने से घरों में घुसा पानी

पहलगाम के बटकूट इलाके में बुधवार शाम बादल फटने के बाद अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। निचले इलाकों में कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

हालांकि, अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अचानक बढ़े पानी के कारण इलाके में आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भारी बारिश के दौरान अचानक आने वाली बाढ़ से नुकसान का खतरा कम किया जा सके।

डोडा में फ्लैश फ्लड में फंसे स्कूली बच्चे

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के कहारा इलाके में गंगूरी नाले में अचानक फ्लैश फ्लड आ गई। उस समय कई स्कूली बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे और नाला पार कर रहे थे।

अचानक पानी का स्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण बच्चे फंस गए। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद स्थानीय लोग समय रहते मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पक्का और सुरक्षित पुल बनाने की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि पुल नहीं होने के कारण बारिश के दौरान स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को नाला पार करने में जोखिम उठाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बचाव कार्य में थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कदम उठाकर लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

हरिद्वार में बारिश से कई सड़कें जलमग्न

उत्तराखंड के हरिद्वार में भी लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रानीपुर मोड़ और भगत सिंह चौक पर बारिश का पानी भरने के कारण यातायात को डायवर्ट करना पड़ा। रोशनाबाद मुख्यालय को शहर से जोड़ने वाले मार्ग पर भी जलभराव की समस्या सामने आई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के दौरान इस मार्ग पर अक्सर पानी जमा हो जाता है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है।

लगातार बारिश के बीच पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में प्रशासन और स्थानीय लोगों की नजर मौसम की स्थिति पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *