केंद्रीय मंत्रियों की सोशल मीडिया परफॉर्मेंस रिपोर्ट तैयार, रैंकिंग में प्रधानमंत्री मोदी शीर्ष पर
केंद्रीय मंत्रियों की सोशल मीडिया परफॉर्मेंस रिपोर्ट तैयार, रैंकिंग में प्रधानमंत्री मोदी शीर्ष पर
नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट ने सभी केंद्रीय मंत्रियों की सोशल मीडिया परफॉर्मेंस को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह रिपोर्ट पेश की गई। रिपोर्ट में मंत्रियों की सोशल मीडिया पर सक्रियता, लोगों की प्रतिक्रिया और ओवरऑल परफॉर्मेंस के आधार पर रैंकिंग तैयार की गई है।
यह रिपोर्ट 1 मई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक करीब साढ़े तीन महीने की सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर तैयार की गई है।
सोशल मीडिया रैंकिंग में प्रधानमंत्री मोदी नंबर-1
रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर ओवरऑल परफॉर्मेंस के मामले में पहले स्थान पर हैं। खास बात यह है कि रैंकिंग केवल केंद्रीय मंत्रियों तक सीमित नहीं रखी गई है।
बताया जा रहा है कि फाइनल रैंकिंग तैयार करते समय देश के शीर्ष नेताओं और जमीनी स्तर पर सक्रिय बड़े नेताओं के सोशल मीडिया ट्रैक्शन को भी आधार बनाया गया है। इससे मंत्रियों को अपनी सोशल मीडिया मौजूदगी की तुलना अन्य प्रमुख नेताओं के साथ करने का मौका मिलेगा।
इंस्टाग्राम, X और फेसबुक की गतिविधियों का हुआ आकलन
सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक मंत्री को उनकी व्यक्तिगत सोशल मीडिया परफॉर्मेंस रिपोर्ट सौंपी गई है। इसमें इंस्टाग्राम, X और फेसबुक पर उनकी गतिविधियों का अलग-अलग आकलन किया गया है।
रिपोर्ट तैयार करने के लिए कई मानकों को शामिल किया गया, जिनमें रोजाना औसत पोस्ट, कुल इंगेजमेंट, प्रति पोस्ट औसत इंगेजमेंट, लाइक्स, औसत लाइक्स और फॉलोअर्स की संख्या प्रमुख हैं।
इस तरह यह आकलन करने की कोशिश की गई है कि किस नेता की सोशल मीडिया पोस्ट को कितना रिस्पॉन्स मिला और किसकी डिजिटल पहुंच तथा लोगों के साथ बातचीत कितनी प्रभावी रही।
मंत्रियों को बढ़ाने होंगे सोशल मीडिया इंगेजमेंट
रिपोर्ट के जरिए मंत्रियों को उनकी सोशल मीडिया परफॉर्मेंस की स्थिति से अवगत कराया गया है। साथ ही उन्हें पोस्ट की संख्या, इंगेजमेंट और सार्थक इंटरैक्शन बढ़ाने पर भी जोर देने को कहा गया है।
माना जा रहा है कि सरकार की ओर से सोशल मीडिया परफॉर्मेंस पर बढ़ता फोकस डिजिटल माध्यमों के जरिए जनता तक सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा है।
संभावित कैबिनेट फेरबदल के बीच रिपोर्ट महत्वपूर्ण
सभी मंत्रियों की सोशल मीडिया परफॉर्मेंस का यह आकलन ऐसे समय सामने आया है, जब संभावित कैबिनेट फेरबदल को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा चल रही है। हालांकि, इस रिपोर्ट और संभावित फेरबदल के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल इस रिपोर्ट के जरिए मंत्रियों को अपनी डिजिटल मौजूदगी मजबूत करने और जनता के साथ सोशल मीडिया पर बेहतर संवाद स्थापित करने का संदेश दिया गया है।
