पैसों के हिसाब-किताब को लेकर विवाद, दो युवकों पर तलवार से हमला; एक का हाथ लगभग अलग हुआ
पैसों के हिसाब-किताब को लेकर विवाद, दो युवकों पर तलवार से हमला; एक का हाथ लगभग अलग हुआ
शहर के कोतवाली क्षेत्र के पार्क रोड इलाके में पैसों के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों ने दो भाइयों पर तलवार और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक का हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया, जबकि दूसरे की कोहनी बुरी तरह टूट गई और हाथ में गंभीर चोट आई है।
घर के पास बुलाकर किया हमला
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 की रात करीब 12 बजे जसप्रीत सिंह ने ऋतिक मेहता और कार्तिक मेहता को पैसों के हिसाब-किताब के लिए पार्क रोड स्थित अपने घर के पास बुलाया था।
आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद जसप्रीत सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी ने दोनों भाइयों पर तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने दोनों के सिर पर भी वार किए।
बचाव के दौरान हाथ में लगी तलवार
शिकायत के अनुसार, हमले से बचने की कोशिश में कार्तिक मेहता के हाथ पर तलवार लगी, जिससे उसका हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया। वहीं ऋतिक मेहता की कोहनी बुरी तरह टूट गई और हाथ में गंभीर चोट आई। हमले के बाद दोनों युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
आरोप है कि घायल होने के बाद भी हमलावरों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट जारी रखी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों युवकों को आरोपियों से छुड़ाया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए दून अस्पताल ले जाया गया। गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद दोनों को मसूरी रोड स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज और ऑपरेशन किया जा रहा है।
घटना के समय दोनों भाइयों के दोस्त कुलविंदर सिंह भी मौके पर मौजूद थे। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
नगर कोतवाली पुलिस ने जसप्रीत सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले की वजह, घटनाक्रम और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
