उत्तराखंड

सीएम धामी ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि, चोरगलिया में 9.93 करोड़ के पुल का किया लोकार्पण

सीएम धामी ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि, चोरगलिया में 9.93 करोड़ के पुल का किया लोकार्पण

हल्द्वानी, 16 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री आवास में उन्होंने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर वक्ता, कवि और लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

धामी ने कहा कि अटल जी ने राजनीति में उच्च आदर्शों और मूल्यों को स्थापित किया। उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ भारत को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चोरगलिया में जनता की समस्याएं सुनीं

मुख्यमंत्री रविवार को नैनीताल जिले के दौरे पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

9.93 करोड़ की लागत से बने पुल का लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन अक्सर प्रभावित होता था। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। नए पुल के शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय लोगों ने पुल के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *