असदुद्दीन ओवैसी का महाराष्ट्र सरकार पर हमला: यूसीसी को बताया ‘हिंदू सिविल कोड’, सपा के साथ गठबंधन की संभावना को नकारा
असदुद्दीन ओवैसी का महाराष्ट्र सरकार पर हमला: यूसीसी को बताया ‘हिंदू सिविल कोड’, सपा के साथ गठबंधन की संभावना को नकारा
मुंबई:
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर देवेंद्र फडणवीस सरकार पर तीखा हमला बोला। ओवैसी ने यूसीसी को ‘हिंदू सिविल कोड’ करार दिया और इसके प्रावधानों पर गंभीर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी (SP) के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना को खारिज करते हुए अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और यूपी की राजनीति पर खुलकर बात की।
”यह यूसीसी नहीं, बल्कि हिंदू सिविल कोड है”
लीडिंग सवाल और भेदभाव का आरोप: ओवैसी ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा यूसीसी के लिए बनाई गई कमेटी और तैयार की गई प्रश्नावली से साफ है कि यह कानून मुसलमानों को उनके धार्मिक और व्यक्तिगत कानूनों से रोकने के लिए लाया जा रहा है। प्रश्नावली में बहुविवाह और बिना अदालत के तलाक जैसे सवाल तो हैं, लेकिन ‘हिंदू अविभाजित परिवार’ (HUF) को लेकर एक भी सवाल नहीं पूछा गया है।
कमेटी में प्रतिनिधित्व न होने पर सवाल: उन्होंने आपत्ति जताई कि यूसीसी के लिए गठित राज्य सरकार की कमेटी में एक भी मुस्लिम सदस्य को शामिल नहीं किया गया है।
संपत्ति के अधिकार और इस्लाम का जिक्र: ओवैसी ने कहा कि हिंदू धर्म में माता-पिता अपनी पूरी संपत्ति किसी एक संतान को दे सकते हैं, लेकिन इस्लाम में ऐसा प्रावधान नहीं है। यूसीसी के जरिए विशेष रूप से मुसलमानों को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और गठबंधन पर दो-ूक बयान
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर तंज: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और सपा की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए ओवैसी ने कहा, “सपा के वे सभी मुस्लिम सांसद और विधायक क्या करेंगे, जिनके पिता बाबरी मस्जिद मामले में जेल गए थे? फिल्म ‘शोले’ का डायलॉग तो नहीं बोलूंगा कि ‘अब तुम्हारा क्या होगा?’, लेकिन जवाब तो उन्हें ही देना है।”
सपा-कांग्रेस से गठबंधन से इनकार: समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, “आप हमेशा ‘हाथ’ (कांग्रेस) और ‘साइकिल’ (सपा) की ही बात क्यों करते हैं? जब दुनिया 5जी से आगे बढ़कर सैटेलाइट इंटरनेट की ओर बढ़ रही है, तो आप भविष्य की ओर क्यों नहीं देखते?”
”अब हम बैंड वाले नहीं, दूल्हा-दूल्हन बनेंगे”: उत्तर प्रदेश के संदर्भ में मुसलमानों की राजनीतिक हिस्सेदारी पर बोलते हुए ओवैसी ने कहा, “अब्दुल कब तक पंचर बनाता रहेगा? साइकिल पंचर हो गई और इसे आपने ही किया था, इसलिए अब उसे पीछे छोड़ दीजिए। भारत में मुसलमान इकलौता ऐसा समुदाय है जिसे 60 साल से सिर्फ वोट डालने के लिए इस्तेमाल किया गया। हमें राजनीतिक दलों ने ‘बैंड-बाजा’ पार्टी बना दिया है, लेकिन अब हम बैंड बजाने वाले नहीं बल्कि दूल्हा-दूल्हन (मुख्य भूमिका) बनेंगे।”
सोनिया गांधी की किताब और UAPA कानून पर टिप्पणी
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के नए संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा:
सोनिया गांधी का सम्मान: उन्होंने कहा कि वे सोनिया गांधी का बहुत सम्मान करते हैं क्योंकि 2004 से 2012 तक वे यूपीए (UPA) गठबंधन का हिस्सा थे और परमाणु समझौते के वक्त उन्होंने सरकार का समर्थन किया था।
UAPA कानून का विरोध: हालांकि, ओवैसी ने कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के कार्यकाल की आलोचना करते हुए याद दिलाया कि उस समय पोटा (POTA) को खत्म कर UAPA कानून लाया गया था, जिसका उन्होंने यूपीए में रहते हुए संसद में विरोध किया था। उन्होंने तब चेतावनी दी थी कि इस कानून का दुरुपयोग मुसलमानों, आदिवासियों और बुद्धिजीवियों के खिलाफ किया जाएगा, और आज इसी कानून के चलते शरजील इमाम और उमर खालिद जैसे लोगों को अदालतों से जमानत नहीं मिल पा रही है।

