Wednesday, November 11, 2026
Latest:
उत्तराखंड

चुनाव 2027 की तैयारी: चकराता में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन, प्रीतम सिंह ने सरकार पर दागे तीखे सवाल, 41 भाजपाई कांग्रेस में शामिल

चुनाव 2027 की तैयारी: चकराता में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन, प्रीतम सिंह ने सरकार पर दागे तीखे सवाल, 41 भाजपाई कांग्रेस में शामिल

​विकासनगर: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में चकराता विधानसभा के कालसी ब्लॉक अंतर्गत बाड़वाला में ‘कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर राजनीतिक हमले किए। इस दौरान भाजपा की नीतियों से नाराज होकर 41 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

​17 जुलाई को देहरादून आएंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी

​चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने बताया कि आगामी 17 जुलाई को कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी देहरादून आ रहे हैं। वे परेड ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों और युवाओं को संबोधित करेंगे।

​प्रीतम सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में जब भी कोई परीक्षा होती है, उसके पेपर लीक हो जाते हैं। नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले के बाद राहुल गांधी ने छात्रों के हक की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया था और इसी सिलसिले में वे देहरादून आ रहे हैं। उन्होंने कालसी ब्लॉक के कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड संख्या में पहुंचने की अपील की।

​”बीजेपी शासन में जनता त्रस्त, 2027 में मिलेगा सबक”

​कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार और महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि ‘अच्छे दिन’ का दावा करने वाली सरकार में आज गरीब महंगाई से बेहाल है और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रदेश का युवा परेशान है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और 2027 के चुनाव में सत्ताधारियों को सबक सिखाएगी।

​राम मंदिर के चंदे और केदारनाथ के सोने पर उठाए सवाल

​कांग्रेस विधायक ने चंदा चोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा। उनके भाषण के मुख्य अंश इस प्रकार हैं:

​राम मंदिर चंदे का हिसाब: प्रीतम सिंह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए देश-दुनिया से लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार चंदा दिया था। लेकिन आज तक यह सार्वजनिक नहीं किया गया कि मंदिर निर्माण में कुल कितना खर्च हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के लिए खरीदी गई जमीन में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ और ट्रस्ट के लोगों ने भगवान राम के नाम पर लूट मचाकर सनातन धर्म का अपमान किया है।

​उत्तराखंड के मंदिरों में गड़बड़ी: उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सबके सामने आ चुका है। इसके साथ ही ‘केदारनाथ का सोना कहां गया?’ इसका जवाब भी सत्ता में बैठे लोगों के पास नहीं है।

​भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए 41 लोग

​सम्मेलन के दौरान चकराता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 41 लोगों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि ये लोग भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त होकर और कांग्रेस के नेतृत्व में आस्था जताते हुए पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव हर पांच साल में आते हैं, लेकिन कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखती है और इसी एकजुटता के दम पर पार्टी 2027 की चुनौती को पार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *