उत्तराखंड

ऋषिकेश में पर्यटकों का हुड़दंग: शराब के नशे में स्थानीय लोगों से मारपीट, पुलिस ने 6 हुड़दंगियों को दबोचा

ऋषिकेश में पर्यटकों का हुड़दंग: शराब के नशे में स्थानीय लोगों से मारपीट, पुलिस ने 6 हुड़दंगियों को दबोचा

​ऋषिकेश/टिहरी: ऋषिकेश के पास टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र से पर्यटकों द्वारा उत्पाद मचाने की एक बड़ी खबर सामने आई है। खारास्रोता क्षेत्र में कुछ पर्यटकों ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मौके से फरार हुए छह आरोपियों को तपोवन क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।

​पार्किंग में शराब पीने से शुरू हुआ विवाद

​जानकारी के अनुसार, खारास्रोत क्षेत्र की एक पार्किंग में कुछ पर्यटक सरेआम शराब पी रहे थे। जब स्थानीय निवासियों ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया, तो पर्यटक भड़क गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी और मौके पर हंगामा खड़ा कर दिया।

​टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद वारदात को अंजाम देकर भागे आरोपियों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी कर त्वरित अभियान चलाया गया, जिसके बाद उन्हें तपोवन क्षेत्र से दबोच लिया गया।

​पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई और सख्त हिदायत

​जांच के दौरान मौके पर शराब के नशे में हुड़दंग मचाने वाले छह व्यक्तियों को उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

​एसएसपी श्वेता चौबे ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि कहीं भी ऐसी अप्रिय घटना या हुड़दंग दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

​गौरतलब है कि ऋषिकेश और उसके आसपास के तीर्थ क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों द्वारा उत्पात मचाने और स्थानीय लोगों से उलझने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, जिस पर अब पुलिस लगातार कड़ा रुख अपना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *