आदित्य रॉय कपूर और मिलाप जावेरी की नई म्यूजिकल एक्शन लव स्टोरी का एलान, 2027 में होगी रिलीज
आदित्य रॉय कपूर और मिलाप जावेरी की नई म्यूजिकल एक्शन लव स्टोरी का एलान, 2027 में होगी रिलीज
मुंबई: ‘आशिकी 2’, ‘मलंग’ और ‘मेट्रो… इन दिनों’ जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में अपनी खास रोमांटिक छवि बनाने वाले अभिनेता आदित्य रॉय कपूर जल्द ही एक बड़ी लव स्टोरी लेकर आ रहे हैं। इस बार वह पहली बार निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी के साथ हाथ मिला रहे हैं। निर्माता भूषण कुमार के बैनर तले बनने वाली यह फिल्म रोमांस, एक्शन, दमदार डायलॉग और बेहतरीन संगीत का एक बड़ा कॉम्बो होगी।
’आशिकी 2′ के बाद फिर दिखेगा वही जुनून
निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी ने इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, “इस बार आशिकी पूरी दीवानियत से होगी। यह एक इंटेंस, हिंसक और म्यूजिकल लव स्टोरी है। आदित्य प्यार को पर्दे पर बेहद गहराई से उतारते हैं। दर्शक उन्हें ‘आशिकी 2’ के बाद से ही जुनून और टूटे दिल की कहानियों में पसंद करते रहे हैं। इस फिल्म में उनका किरदार बेहद दमदार और कई परतों वाला होगा।”
भूषण कुमार के साथ पुरानी साझेदारी
निर्माता भूषण कुमार ने कहा कि आदित्य के साथ उनका रिश्ता बरसों पुराना है। ‘आशिकी 2’ से लेकर ‘मेट्रो… इन दिनों’ तक का सफर शानदार रहा है। वहीं, मिलाप जावेरी भी भूषण कुमार के साथ पहले ‘सत्यमेव जयते’ और ‘मरजावां’ जैसी सफल फिल्में दे चुके हैं। मेकर्स का मानना है कि यह तिकड़ी बड़े पर्दे पर एक भावुक और भव्य सिनेमा पेश करेगी।
इसी साल शुरू होगी शूटिंग
फिल्म की शूटिंग इसी साल (2026) के आखिर में शुरू होने की तैयारी है। इसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का काम पूरा कर इसे साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिलहाल फिल्म के टाइटल और बाकी स्टारकास्ट का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन मेकर्स ने वादा किया है कि जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
