दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने से मचा हड़कंप, NHAI का बड़ा एक्शन; प्रोजेक्ट मैनेजर समेत कई सस्पेंड
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने से मचा हड़कंप, NHAI का बड़ा एक्शन; प्रोजेक्ट मैनेजर समेत कई सस्पेंड
नई दिल्ली: दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) पर उद्घाटन के महज ढाई महीने बाद ही सड़क धंसने और बड़े-बड़े गड्ढे होने का गंभीर मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर इसके फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ी कार्रवाई की है. NHAI ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर, अथॉरिटी इंजीनियर और EPC ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इसके साथ ही अथॉरिटी इंजीनियर के टीम लीडर और ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.
भारी बारिश और ड्रेनेज सिस्टम न होना बनी वजह
NHAI के मुताबिक, भारी बारिश के दौरान एक स्थान पर पानी जमा होने के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया था. एजेंसी का दावा है कि स्थानीय लोगों के विरोध के कारण वहां स्थायी ड्रेनेज सिस्टम चालू नहीं हो पाया था. जिस पुलिया से पानी की निकासी होनी थी, उसका इस्तेमाल वाहन निकालने के रास्ते के रूप में किया जा रहा था. फिलहाल बारिश के पानी को निकालने के लिए एक अस्थायी समानांतर नाला बनाया जा रहा है.
हादसों का शिकार हुए कई वाहन
यह घटना एक्सप्रेसवे के शामली इंटरचेंज के पास लिसाड़ गांव के निकट हुई. सड़क पर अचानक हुए इन गड्ढों की वजह से इस मार्ग से गुजरने वाले कई वाहन हादसे का शिकार हो गए. कई गाड़ियों के टायर फट गए और रिम टूट गए, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि, गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी की जान नहीं गई और सभी राहगीर बाल-बाल बच गए.
स्थिति नियंत्रण में, ट्रैफिक बहाल
NHAI ने जानकारी दी है कि प्रभावित सड़क की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है और अब इस मार्ग पर सामान्य रूप से ट्रैफिक को बहाल कर दिया गया है. सुरक्षा के लिहाज से इस जगह की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि यातायात बिना किसी रुकावट के सुरक्षित चलता रहे. NHAI ने प्रतिबद्धता जताई है कि राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
