Monday, June 8, 2026
मनोरंजन

हीरे की कीमत बताने पर बुरी तरह ट्रोल हुए अमिताभ बच्चन, यूजर्स बोले- ‘NEET पेपर लीक और छात्रों की खुदकुशी पर चुप क्यों हैं?’

हीरे की कीमत बताने पर बुरी तरह ट्रोल हुए अमिताभ बच्चन, यूजर्स बोले- ‘NEET पेपर लीक और छात्रों की खुदकुशी पर चुप क्यों हैं?’

​मुंबई: हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी फिल्मों और रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के अलावा सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता के लिए भी जाने जाते हैं। बिग बी अक्सर जिंदगी, उम्र और समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा करते रहते हैं। लेकिन, हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर देर रात किया गया उनका एक पोस्ट उन्हीं पर भारी पड़ गया है। हीरे की कीमत को लेकर ज्ञान देने पर नेटिजंस ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया और असल मुद्दों पर चुप्पी साधने को लेकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।

​रात 2:12 बजे किया था पोस्ट

​अमिताभ बच्चन ने देर रात 2 बजकर 12 मिनट पर X पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा:

​”हीरा इसलिए महंगा नहीं क्योंकि वो दुर्लभ और असामान्य है, वो महंगा इसलिए है क्योंकि उसे खोजना बहुत कठिन है।”

​बिग बी का यह पोस्ट जैसे ही सामने आया, सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, इस बार फैंस को उनका यह दार्शनिक अंदाज पसंद नहीं आया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

​NEET पेपर लीक और पेट्रोल के दामों पर घिरे बिग बी

​अमिताभ बच्चन के इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए सोशल मीडिया यूजर्स इस बात पर नाराजगी जताने लगे कि देश के इतने बड़े सुपरस्टार गंभीर और वास्तविक मुद्दों पर बात करने की बजाय फिजूल की बातें लिख रहे हैं। यूजर्स ने नीट (NEET) पेपर लीक मामले, छात्रों की आत्महत्या और महंगाई जैसे मुद्दों पर उनकी चुप्पी को लेकर तीखे सवाल पूछे।

​यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं

​इस पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए एक नाराज यूजर ने लिखा:

​”सर, हीरे की ही तरह जिंदगी भी कीमती है। NEET पेपर लीक के बाद अब तक कई बच्चे खुदकुशी कर चुके हैं और आपने उनके लिए एक शब्द भी नहीं बोला। अफसोस होता है कि फिल्मों में अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले किरदार निभाने के बाद भी आप असल जिंदगी में युवाओं पर हो रहे अन्याय पर चुप हैं।”

​वहीं, एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा:

​”हीरे इसलिए कीमती नहीं होते क्योंकि वो रेयर होते हैं, बल्कि इसलिए कीमती होते हैं क्योंकि उन्हें खरीदने वाले मूर्ख हर जगह होते हैं।”

​एक और यूजर ने लिखा:

​”देश में पेट्रोल-डीजल भी बहुत महंगा है सर, लेकिन उस पर आप कुछ बोलते ही नहीं।”

​ट्वीट से पहले लिखा था ब्लॉग

​दिलचस्प बात यह है कि एक्स (X) पर इस ट्वीट को पोस्ट करने से कुछ मिनट पहले ही अमिताभ बच्चन ने अपने ऑफिशियल ब्लॉग पर एक लेख भी साझा किया था, जिसमें उन्होंने दुनिया के प्रेरणा देने वाले विचारकों के बारे में बात की थी। हालांकि, अब सोशल मीडिया पर उनके ब्लॉग से ज्यादा उनका ‘हीरे वाला ट्वीट’ सुर्खियों में बना हुआ है और लोग लगातार उनसे वर्तमान राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी राय रखने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *