Tuesday, September 8, 2026
Latest:
उत्तराखंड

मानसून में संक्रामक रोगों का खतरा: स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी; राज्य में डेंगू के 138 और चिकनगुनिया के 82 मामलों की पुष्टि

मानसून में संक्रामक रोगों का खतरा: स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी; राज्य में डेंगू के 138 और चिकनगुनिया के 82 मामलों की पुष्टि

​देहरादून: मानसून सीजन के दौरान जल जनित (डायरिया, टाइफाइड, पीलिया, हैजा) और मच्छर जनित (डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया) रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जनता के लिए एक विशेष स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) की साप्ताहिक रिपोर्टों के आधार पर लोगों से सतर्कता बरतने और रोकथाम के उपाय अपनाने की अपील की गई है। प्रदेश में अब तक डेंगू के 138 मामले, चिकनगुनिया के 82 मामले और मलेरिया का 1 मामला दर्ज किया जा चुका है।

​1. खान-पान और जल जनित रोगों से बचाव के निर्देश

​ताजा व पका भोजन: बासी भोजन, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और अधपके भोजन के सेवन से बचें।

​स्वच्छ पानी का प्रयोग: पानी को अच्छी तरह उबालकर ही पीने व खाना बनाने में इस्तेमाल करें। स्वास्थ्य कर्मियों के निर्देशानुसार क्लोरीन की गोलियों का प्रयोग करें।

​बर्फ और कटी चीजों से परहेज: दूषित पानी से बनी बर्फ, खुले में बिकने वाले गन्ने के रस और कटे फलों (तरबूज, खरबूज) से बचें।

​सफाई व स्वच्छता: शौचालय के इस्तेमाल के बाद और भोजन से पहले साबुन से हाथ धोएं। फलों और सब्जियों को धोकर ही खाएं।

​2. मच्छर जनित रोगों (डेंगू, मलेरिया) की रोकथाम के उपाय

​पानी जमा न होने दें: जल भंडारण के बर्तनों व टंकियों को ढककर रखें। गमलों की ट्रे, कूलर, फ्रिज की ट्रे, मनी प्लांट व गुलदस्तों का पानी हफ्ते में कम से कम एक बार सुखाकर साफ करें।

​कबाड़ का निपटान: टूटे बर्तन, बोतलें, डिब्बे और पुराने टायर खुले में न फेंकें, क्योंकि इनमें जमा पानी एडीज मच्छर के प्रजनन का कारण बनता है।

​व्यक्तिगत सुरक्षा: मच्छरदानी, मच्छर रोधी साधनों का प्रयोग करें और शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें।

​3. लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच

​प्रमुख लक्षण: तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों व मांसपेशियों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द और शरीर पर लाल चकत्ते (रैशेज) जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।

​बिना सलाह दवा न लें: self-medication (बिना डॉक्टरी सलाह के दवा लेना) से बचें।

​मुफ्त जांच की सुविधा: सभी सरकारी अस्पतालों में डेंगू की जांच पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

​4. राज्य में संक्रामक बीमारियों के वर्तमान आंकड़े

​डेंगू के कुल मामले: प्रदेश में अब तक 138 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जिनमें से 127 मरीज ठीक हो चुके हैं और 11 का इलाज जारी है।

​ज़िलावार स्थिति: कुल 138 डेंगू मामलों में से 67 मामले अकेले देहरादून से और 71 मामले अन्य जिलों से सामने आए हैं।

​सैंपलिंग और अन्य बीमारियां: अब तक 26,358 सैंपल की जांच की जा चुकी है। राज्य में अब तक चिकनगुनिया के 82 और मलेरिया का 1 मामला दर्ज हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *