दलेर मेहंदी विवाद पर फिर बोले मंत्री सुबोध उनियाल, कहा- चेहरे पर नहीं लिखा होता कि किसी की तबीयत खराब है
दलेर मेहंदी विवाद पर फिर बोले मंत्री सुबोध उनियाल, कहा- चेहरे पर नहीं लिखा होता कि किसी की तबीयत खराब है
उत्तराखंड में मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मंत्री सुबोध उनियाल ने एक बार फिर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी के चेहरे पर नहीं लिखा होता कि उसकी तबीयत खराब है। हालांकि, उन्होंने दलेर मेहंदी को बड़ा कलाकार बताते हुए यह भी सवाल किया कि अगर वह बड़े कलाकार नहीं होते, तो उन्हें 36 लाख रुपये का ऑफर क्यों दिया जाता?
सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को बताया बड़ा कलाकार
मीडिया से बातचीत के दौरान जब मंत्री सुबोध उनियाल से दलेर मेहंदी प्रकरण को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्हें कुछ नहीं कहना है। उन्होंने दावा किया कि विवाद की शुरुआत उनकी ओर से नहीं हुई थी।
मंत्री ने कहा, “अगर वो बड़े कलाकार नहीं होते, तो उनको बुलाया क्यों जाता? बड़े कलाकार नहीं होते, तो 36 लाख का ऑफर क्यों दिया जाता और उनकी बात स्वीकार क्यों की जाती? बड़े कलाकार थे।”
‘तबीयत खराब थी तो बताया जा सकता था’
सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी की तबीयत खराब होने की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उनकी सेहत ठीक नहीं थी, तो वह कार्यक्रम में आने से मना कर सकते थे या मंच पर मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दे सकते थे।
उन्होंने कहा, “मुझे भी बताया जा सकता था कि मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है, मेरी तबीयत ठीक नहीं है, क्योंकि ये किसी के चेहरे पर तो लिखा नहीं होता है कि किसी का स्वास्थ्य खराब है।”
मंत्री के इस बयान के बाद दलेर मेहंदी प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इससे पहले भी मंच पर हुई तीखी नोकझोंक को लेकर विवाद सामने आया था।
मीका सिंह ने की थी माफी मांगने की अपील
इस विवाद पर गायक मीका सिंह भी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सुबोध उनियाल से दलेर मेहंदी से बात कर मामला सुलझाने और गलती हुई हो तो माफी मांगने की अपील की थी।
मीका सिंह ने कहा था कि अगर मंत्री से कोई गलती हुई है, तो उन्हें दलेर मेहंदी से सीधे बात करनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि माफी मांगने के लिए सार्वजनिक रूप से सामने आना जरूरी नहीं है। मंत्री दलेर मेहंदी से निजी तौर पर बात करके भी मामला सुलझा सकते हैं।
दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने भी जताया था दुख
इस पूरे विवाद पर दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। उन्होंने मामले को लेकर दुख जताया था।
फिलहाल, सुबोध उनियाल के ताजा बयान ने विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है। अब इस मामले में आगे क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

