राजनीति

फिर विवादों में एमपी मंत्री विजय शाह: लाड़ली बहनों को दी खुली धमकी, कहा- कार्यक्रम में नहीं आईं तो जांच पेंडिंग कर देंगे

फिर विवादों में एमपी मंत्री विजय शाह: लाड़ली बहनों को दी खुली धमकी, कहा- कार्यक्रम में नहीं आईं तो जांच पेंडिंग कर देंगे

रतलाम: मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह एक बार फिर विवादित बयान देकर सुर्खियों में आ गए हैं। रतलाम में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान मंच से उन्होंने लाड़ली बहना योजना की लाभार्थियों को खुली धमकी दी। मंत्री ने कहा कि सरकार करोड़ों रुपये दे रही है, इसलिए लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री मोहन यादव का सम्मान करने कार्यक्रम में आना चाहिए। जो नहीं आएंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर दी जाएगी।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी से जिले में लाड़ली बहनों की संख्या पूछने पर पता चला कि करीब ढाई लाख हैं। इस पर मंत्री ने कहा, “दो साल में एक बार धन्यवाद तो बनता है। कम से कम 50 हजार तो आना चाहिए। जो नहीं आएंगी, फिर देखते हैं…”। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो कार्यक्रम में नहीं आएंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर दो। यह बयान खुले तौर पर दबाव और धमकी के रूप में देखा जा रहा है।

यह पहली बार नहीं जब विजय शाह विवादों में घिरे हैं। इससे पहले मई 2025 में उन्होंने भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसमें उन्हें “आतंकवादियों की बहन” बताया था। उस मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज हुई और सुप्रीम कोर्ट ने भी हस्तक्षेप किया। मामला अभी कोर्ट में पेंडिंग है।

बयान वायरल होने के बाद कांग्रेस ने तीखा हमला बोला। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने इसे लाड़ली बहनों का अपमान बताया और मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि कर्नल सोफिया के बाद अब महिलाओं को धमकाया जा रहा है, जो BJP की महिला-विरोधी सोच दिखाता है।

BJP ने अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि ऐसे बयान सरकार की छवि खराब कर रहे हैं। लाड़ली बहना योजना BJP की फ्लैगशिप स्कीम है, ऐसे में यह बयान पार्टी के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *