इलाहाबाद हाई कोर्ट से यूपीपीएससी को झटका: पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द, नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने का आदेश
इलाहाबाद हाई कोर्ट से यूपीपीएससी को झटका: पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द, नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने का आदेश
प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को बड़ा झटका देते हुए सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया है। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने संजय कुमार व तीन अन्य अभ्यर्थियों की याचिका स्वीकार करते हुए 27 नवंबर को यह आदेश सुनाया। अदालत ने आयोग को निर्देश दिया है कि वह चयन के प्रत्येक चरण में पहले विशुद्ध मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी की सूची तैयार करे, उसके बाद आरक्षित वर्गों की अलग-अलग सूचियां बनाए और संशोधित परिणाम के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करे।
याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि प्रारंभिक परीक्षा में उनके अंक अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक होने के बावजूद उन्हें मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी (एमआरसी) के तहत ओपन कैटेगरी में स्थानांतरित नहीं किया गया। अदालत ने इस तर्क से सहमति जताते हुए विज्ञापन की शर्त संख्या 19 को भी निरस्त कर दिया।
प्रारंभिक परीक्षा दोबारा नहीं होगी, पूर्व अंकों के आधार पर बनेगा परिणाम
अभ्यर्थियों के अधिवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा दोबारा आयोजित नहीं की जाएगी बल्कि पूर्व में हुई परीक्षा के अंकों के आधार पर ही पात्र आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के अनुसार अनारक्षित श्रेणी में स्थान देते हुए नया परिणाम जारी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यूपीपीएससी ने 1 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया था, जिसे एमआरसी लाभ न मिलने के कारण चुनौती दी गई थी। हाई कोर्ट ने 28 सितंबर को फैसला सुरक्षित रखते हुए साक्षात्कार जारी रखने की अनुमति दी थी, लेकिन अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी। अब संशोधित मेरिट सूची के आधार पर मुख्य परीक्षा और आगामी चयन चरणों को लेकर नए सिरे से निर्णय लिया जाएगा।

