आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक: पीएम मोदी ने 23 देशों के प्रतिनिधियों से की मुलाकात, ‘महासागर’ विजन को आगे बढ़ाने की दोहराई प्रतिबद्धता
आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक: पीएम मोदी ने 23 देशों के प्रतिनिधियों से की मुलाकात, ‘महासागर’ विजन को आगे बढ़ाने की दोहराई प्रतिबद्धता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन’ (आईओआरए) की 25वीं मंत्रिपरिषद (सीओएम) बैठक में शामिल 23 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों से मुलाकात की। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंद महासागर ने सदियों से क्षेत्र के लोगों को आपस में जोड़े रखा है और आईओआरए के अध्यक्ष के रूप में भारत सभी साझेदार देशों के साथ मिलकर ‘महासागर’ (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी ऐंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन्स) विजन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि को सुदृढ़ कर समग्र विकास सुनिश्चित करना है।
मॉरीशस और श्रीलंका ने भारत के नेतृत्व व आयोजन की सराहना की
बैठक के सफल आयोजन और पिछले एक वर्ष के दौरान आईओआरए की अध्यक्षता के लिए मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल ने भारत के नेतृत्व तथा आईओआरए सचिवालय के सहयोग की प्रशंसा की। वहीं, श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने व्यवस्थाओं व आतिथ्य के लिए आभार जताते हुए कहा कि श्रीलंका आईओआरए की ‘ट्रोइका’ व्यवस्था के अंतर्गत भारत और मॉरीशस के साथ मिलकर कार्य करने के लिए तत्पर है। उन्होंने उल्लेख किया कि संगठन की अध्यक्षता सामूहिक भरोसे के आधार पर सौंपी जाती है, जिसे श्रीलंका ने 2023–2025 के कार्यकाल के बाद भारत को सौंपा।

