आईओआरए की जनरल डिबेट में बोले विदेश मंत्री एस जयशंकर: समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमले अस्वीकार्य, वैश्विक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के सम्मान पर दिया जोर
आईओआरए की जनरल डिबेट में बोले विदेश मंत्री एस जयशंकर: समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमले अस्वीकार्य, वैश्विक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के सम्मान पर दिया जोर
नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन’ (आईओआरए) की जनरल डिबेट को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने समुद्री जहाजों और नाविकों पर होने वाले हमलों को पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेजी से बदलते दौर में बढ़ते संघर्षों और व्यवधानों के बीच गहरी आपसी निर्भरता व अंतरराष्ट्रीय सहयोग को समझना आवश्यक है। विदेश मंत्री ने समुद्री व्यापार की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा व संरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए ‘संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि’ (यूएनसीएलओएस) सहित अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान किया जाना चाहिए।
साझा चुनौतियों से निपटने के लिए आत्मनिर्भरता और साझेदारी पर बल
डॉ. जयशंकर ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद का मुकाबला करने, नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने, अवैध व अनियमित मछली पकड़ने पर नियंत्रण करने तथा जलवायु संबंधी आपदाओं से निपटने के लिए सदस्य देशों को अधिक आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ परस्पर सहयोग बढ़ाना होगा। यह बैठक भारत की 2025-2027 अध्यक्षता के अंतर्गत ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, मजबूती और अनुकूलन क्षमता’ विषय पर आयोजित की जा रही है।
23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों के साथ नीतिगत दिशा तय कर रही मंत्रिपरिषद
उल्लेखनीय है कि आईओआरए की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था ‘काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स’ में भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, ईरान, केन्या, मेडागास्कर, कोमोरोस, फ्रांस, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, मोजाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन सहित 23 सदस्य देश शामिल हैं। इसके अतिरिक्त चीन, मिस्र, यूरोपीय संघ, जर्मनी, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, रूस, सऊदी अरब, तुर्किये, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका इसके 12 संवाद साझेदार हैं, जो संगठन की नीतियों, सहयोग समीक्षा और नई साझेदारियों को आगे बढ़ाने में सहभागी हैं।

