अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर स्वपन बनर्जी पहुंचे कालीघाट थाना, संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी का लगाया आरोप
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर स्वपन बनर्जी पहुंचे कालीघाट थाना, संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी का लगाया आरोप
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ उनके चाचा और स्वपन बनर्जी ने कालीघाट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी है। सात पन्नों की इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक बनर्जी ने न्यायपालिका और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के विरुद्ध अपमानजनक व भड़काऊ टिप्पणियां की हैं, लोक सेवकों का अपमान किया और जनता को भड़काने का प्रयास किया।
शिकायत में 7 नवंबर के एक फेसबुक वीडियो, मीडिया बयानों और 24 सितंबर के ‘एक्स’ पोस्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि कलकत्ता हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बार-बार निशाना बनाया गया। इन आरोपों पर फिलहाल अभिषेक बनर्जी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पारिवारिक मतभेद और पुरानी खींचतान फिर चर्चा में
स्वपन बनर्जी ने इससे पूर्व भी एक रक्तदान शिविर से जुड़े विवाद में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस थाने के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने वर्ष 2024 से कथित धमकियों, सरकारी कार्यों में बाधा और क्लबों पर कब्जे जैसी घटनाओं का जिक्र किया। उल्लेखनीय है कि स्वपन बनर्जी के अपनी बड़ी बहन ममता बनर्जी के साथ लंबे समय से रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं, वहीं हाल के समय में उनके बीजेपी नेतृत्व और शुभेंदु अधिकारी के प्रति निकटता दिखाने के घटनाक्रम भी सुर्खियों में रहे हैं।

