जाकिर नाइक के संगठन आईआरएफ पर केंद्र की बड़ी कार्रवाई: फंड और संपत्तियों पर यूएपीए की धारा 7 व 8 के तहत राज्यों को मिला अधिकार
जाकिर नाइक के संगठन आईआरएफ पर केंद्र की बड़ी कार्रवाई: फंड और संपत्तियों पर यूएपीए की धारा 7 व 8 के तहत राज्यों को मिला अधिकार
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उपदेशक जाकिर नाइक के संगठन ‘इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन’ (आईआरएफ) पर शिकंजा और कसते हुए राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन को यूएपीए की धारा 7 और 8 के तहत कार्रवाई करने का अधिकार प्रदान किया है। इससे पूर्व सरकार ने 13 नवंबर को यूएपीए की धारा 3(1) और 3(3) के अंतर्गत आईआरएफ को गैर-कानूनी संगठन घोषित करते हुए उस पर लगा प्रतिबंध अगले पांच वर्ष के लिए बढ़ा दिया था।
नई अधिसूचना के तहत राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अब संगठन से जुड़े धन, लेन-देन और परिसरों को लेकर कानूनी कार्रवाई कर सकेंगे। धारा 7 के तहत प्रतिबंधित संगठन से संबंधित धन या वित्तीय संपत्तियों के उपयोग व हस्तांतरण पर रोक लगाई जा सकती है, जबकि धारा 8 के अंतर्गत संगठन के उपयोग में आने वाले स्थानों व परिसरों को अधिसूचित कर उन पर प्रतिबंध और संपत्तियों की सूची बनाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
मलेशिया में मौजूदगी और प्रत्यर्पण के प्रयास जारी
आरोपों का सामना कर रहा जाकिर नाइक वर्तमान में मलेशिया में रह रहा है। आईआरएफ पर पहली बार वर्ष 2016 में प्रतिबंध लगाया गया था और वर्ष 2017 में उसका पासपोर्ट रद्द किया गया था। भारतीय एजेंसियां वर्ष 2016 से ही उसके प्रत्यर्पण और कानूनी कार्रवाई के प्रयास कर रही हैं, जिनमें इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया और मलेशिया प्रशासन से समन्वय शामिल है।

