मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कड़ी सुरक्षा के बीच जला पारंपरिक कार्तिगई दीपम: सुप्रीम कोर्ट के आदेश व पूर्व न्यायाधीशों की निगरानी में संपन्न हुआ आयोजन
मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कड़ी सुरक्षा के बीच जला पारंपरिक कार्तिगई दीपम: सुप्रीम कोर्ट के आदेश व पूर्व न्यायाधीशों की निगरानी में संपन्न हुआ आयोजन
मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर लंबे समय से जारी विवाद और सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद शनिवार शाम करीब पांच बजे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ‘कार्तिगई दीपम’ प्रज्वलित किया गया। यह आयोजन सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीशों की निगरानी तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और रैपिड एक्शन फोर्स के कड़े सुरक्षा घेरे में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन द्वारा सौंपे गए विशेष पात्र को पुजारियों ने पहाड़ी स्थित पत्थर के स्तंभ (‘दीपथून’) पर स्थापित कर दीप जलाया। सुरक्षा और पहाड़ी की संरचनात्मक स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने केवल 50 श्रद्धालुओं को ही ऊपर जाने की अनुमति दी, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को पहाड़ी के नीचे ही रोका गया।
दरगाह में भी इबादत जारी, क्या था पूरा विवाद?
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया की दरगाह और मस्जिद में भी मुस्लिम श्रद्धालुओं को इबादत की अनुमति दी गई, जहां शनिवार सुबह केरल से आए जायरीनों सहित 100 से अधिक श्रद्धालु धार्मिक गतिविधियों में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि भगवान मुरुगन के मंदिर और दरगाह की मौजूदगी वाली इस पहाड़ी पर ‘दीपथून’ नामक पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर विवाद था। जहां हिंदू संगठनों का दावा था कि परंपरा के अनुसार इसी स्तंभ पर दीप जलना चाहिए, वहीं राज्य सरकार व मंदिर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पारंपरिक स्थल ‘दीप मंडप’ होने का तर्क दिया था। मामला अदालत पहुंचने पर सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीपम प्रज्वलित करने की अनुमति प्रदान की, जिसके अनुपालन में शनिवार को यह अनुष्ठान पूरा किया गया।

