Saturday, November 28, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल में भीषण सड़क हादसा: इको वैन खाई में गिरने से चालक सहित 7 लोगों की मौत, 5 घायल; सीएम धामी ने जताया शोक

पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल में भीषण सड़क हादसा: इको वैन खाई में गिरने से चालक सहित 7 लोगों की मौत, 5 घायल; सीएम धामी ने जताया शोक

​पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में कलवाड़ी के समीप शनिवार दोपहर करीब एक बजे एक इको वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें वाहन चालक सहित सात लोगों की मृत्यु हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भंगलवाण गांव की ये महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं तथा रिखणीखाल में दीदी-भुली (बैणी-भूली) योजना का फॉर्म भरकर अपने घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक कुल 12 लोग सवार थे, और वापसी के दौरान यह दुर्घटना हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों तथा राहत एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

​मृतकों व घायलों की पहचान तथा मुख्यमंत्री के निर्देश

​प्रशासन से प्राप्त विवरण के अनुसार, मृतकों में भंगलवाण निवासी शांति देवी, रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (28) तथा वाहन चालक अनिल देवराड़ा (45) शामिल हैं, जबकि घायलों में भंगलवाण निवासी शशी देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) सहित अन्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा देने तथा गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *