CM Today’s Update: पौड़ी सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता, सीएम धामी ने की घोषणा; प्रदेशभर में चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान, विकास कार्यों के लिए ₹17.38 करोड़ मंजूर
CM Today’s Update: पौड़ी सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता, सीएम धामी ने की घोषणा; प्रदेशभर में चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान, विकास कार्यों के लिए ₹17.38 करोड़ मंजूर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने को भी कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
सड़क दुर्घटनाओं पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान
प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच करने को कहा है। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर वहां जरूरी सुधारात्मक और सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों की जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा है।
मथुरा में गौ संरक्षण और अनुसंधान से जुड़े प्रकल्पों का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस दौरान पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण का संबंध केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा जुड़ाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान को एक-दूसरे का पूरक बनाया जाए। आयुर्वेद के ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए नई संभावनाएं विकसित हों। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रकल्पों से पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।
हरिपुर-कालसी को यमुना के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने मां यमुना के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुना की पवित्र धारा उत्तराखंड और ब्रजभूमि को जोड़ती है। उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि तक पहुंचती हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। इसकी प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है और मां यमुना की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश में विकास कार्यों के लिए ₹17.38 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों और विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए कुल ₹17.38 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन कार्यों में सड़कों का सुधारीकरण, पुलों से जुड़े कार्य, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हेलीपैड निर्माण, सिंचाई गूल, सीसी मार्ग, इंटरलॉकिंग टाइल्स और सुरक्षात्मक कार्य शामिल हैं।
स्वीकृत प्रमुख कार्यों में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों पर सीसी और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए ₹55.16 लाख तथा मसूरी विधानसभा क्षेत्र के आर्यनगर वार्ड की आंतरिक सड़कों, नालियों और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹56.76 लाख शामिल हैं।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बाजावाला होते हुए रमपुरकाजी तक मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹242.38 लाख मंजूर किए गए हैं। हरिद्वार के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में सीसी मार्ग और इंटरलॉकिंग रोड निर्माण के लिए ₹249.32 लाख की स्वीकृति दी गई है। वहीं देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए ₹98.75 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
धार्मिक स्थलों के विकास के तहत पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र स्थित रसैपाटा के पौराणिक भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹59.57 लाख, रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹49.94 लाख और चम्पावत के ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा मेला स्थल के विकास के लिए ₹109.88 लाख मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा चमोली के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में दानवीर कर्ण मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹99.71 लाख तथा नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए ₹100 लाख की स्वीकृति दी गई है।
उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के मोरी ब्लॉक स्थित फिताड़ी गांव में हेलीपैड निर्माण के लिए ₹107.98 लाख मंजूर किए गए हैं। देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी चौक में जाट भवन निर्माण के लिए शेष ₹125 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर की शेष सड़कों के सुधारीकरण के लिए ₹422.11 लाख तथा पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग के उच्चीकरण के लिए ₹111.92 लाख मंजूर किए गए हैं।
वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मंच-लेठी-बमनगांव-तारकुली-आवंडा से ताकुला ब्लॉक के भेसड़गांव-चौड़ा-फल्याटी-बनौड़ा तक सिंचाई गूल निर्माण के लिए ₹95.01 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दे रही है, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास सुनिश्चित हो।

