132वें संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी पर अमित शाह का बयान: यूपी में विधानसभा सीटों की सीमा 650 करने का प्रस्ताव
132वें संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी पर अमित शाह का बयान: यूपी में विधानसभा सीटों की सीमा 650 करने का प्रस्ताव
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने को जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन व्यवस्था को जनता के अधिक निकट लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए संदेश में शाह ने कहा कि विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव शामिल है। उनके अनुसार, इससे उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए भी विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा, वहीं एक-तिहाई महिला आरक्षण के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सर्वाधिक प्रतिनिधित्व मिल पाएगा।
क्षेत्रीय जरूरतों और सुशासन पर जोर, यूपी के दलों से समर्थन की अपील
अमित शाह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से स्थानीय आवश्यकताओं और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को सदन में प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा, जिससे योजना निर्माण और विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा सुशासन व जनभागीदारी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से इस विधेयक का स्वागत और समर्थन करने का आह्वान भी किया।
पीएम मोदी ने ‘नारी शक्ति’ के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शनिवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अपना पुराना संबोधन वीडियो साझा करते हुए कहा कि सरकार ‘नारी शक्ति’ से किया गया वादा पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है और बाधाओं को दूर कर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन संशोधन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दी थी, जिसके तहत सदनों की सीटें बढ़ाने और 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।

