यमन तट के पास सोमाली समुद्री लुटेरों ने यूएई के मालवाहक जहाज को किया अगवा: मछुआरों के भेष में यमन पहुंचकर दिया वारदात को अंजाम
यमन तट के पास सोमाली समुद्री लुटेरों ने यूएई के मालवाहक जहाज को किया अगवा: मछुआरों के भेष में यमन पहुंचकर दिया वारदात को अंजाम
अदन। सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने यमन के तट के समीप संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की एक कंपनी के मालवाहक जहाज को अगवा कर लिया है। सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को समाचार एजेंसी ‘एएफपी’ को बताया कि मछुआरों का भेष धारण किए इन लुटेरों ने यमन में रह रहे सोमाली समुदाय के बीच छिपकर इस वारदात को अंजाम दिया। ब्रिटिश समुद्री एजेंसी ‘यूकेएमटीओ’ के अनुसार, हमलावरों ने यमन के बलहाफ से लगभग 120 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में एक मालवाहक पोत पर कब्जा किया। सोमालिया के पुंटलैंड क्षेत्र के सुरक्षा अधिकारियों ने जहाज की पहचान ‘एमवी मार्सा विर्गो’ (MV Marsa Virgo) के रूप में की है, जो यूएई की कंपनी ‘मार्सा ओशन शिपिंग’ का है और पनामा के ध्वज के तहत संचालित हो रहा था।
पुंटलैंड से यमन पहुंचकर रची साजिश, ‘हॉर्न ऑफ अफ्रीका’ में बढ़ीं घटनाएं
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पुंटलैंड से छह हथियारबंद लुटेरे मछली पकड़ने वाली नाव से अदन की खाड़ी पार कर दक्षिणी यमन पहुंचे थे, जहां वे संदेह से बचने के लिए स्थानीय सोमाली शरणार्थियों के बीच घुल-मिल गए। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों को स्थानीय सोमालियों से हथियार प्राप्त हुए थे और संभवतः यह पहला अवसर है जब सोमाली समुद्री लुटेरों ने यमन की भूमि से निकलकर किसी जहाज को हाईजैक किया है। साथ ही, सुरक्षा अधिकारियों ने इन घटनाओं के पीछे हूती विद्रोहियों की भूमिका को खारिज करते हुए कहा कि पारिवारिक व कबीले के संबंधों के चलते कुछ स्थानीय तत्व इन लुटेरों की मदद कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि ‘हॉर्न ऑफ अफ्रीका’ के आसपास समुद्री डकैती की घटनाओं में हाल के महीनों में तेजी आई है और अप्रैल से अब तक कम से कम 16 हमले दर्ज किए गए हैं, जो वर्ष 2013 के बाद सर्वाधिक हैं।

