Saturday, November 28, 2026
राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा होगी और मजबूत: फरवरी 2027 तक तैनात होगा पांचवां एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम, 740 किलोमीटर क्षेत्र की करेगा निगरानी

जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा होगी और मजबूत: फरवरी 2027 तक तैनात होगा पांचवां एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम, 740 किलोमीटर क्षेत्र की करेगा निगरानी

​नई दिल्ली। सीमा सुरक्षा को अभेद्य बनाने के क्रम में भारत सरकार जम्मू-कश्मीर में एक और एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम (सुदर्शन चक्र) तैनात करने जा रही है। यह प्रणाली क्षेत्र की 740 किलोमीटर लंबी सीमा की हवाई सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना की एक टीम जल्द ही रूस जाएगी और फरवरी 2027 तक इस पांचवें एस-400 सिस्टम को जम्मू-कश्मीर में तैनात कर दिया जाएगा। इससे पूर्व ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी इस रक्षा प्रणाली ने अपनी प्रभावी क्षमता का प्रदर्शन किया था।

​वर्तमान में पंजाब, राजस्थान, गुजरात और असम में चार एस-400 डिफेंस सिस्टम पहले से तैनात हैं। असम में इसकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश से सटी 1,126 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी के उद्देश्य से की गई है। इसके अतिरिक्त, भारत आगामी वर्षों में रूस से पांच और एस-400 सिस्टम, अनमैन्ड कॉम्बैट एयर सिस्टम तथा कामिकेज ड्रोन सहित अन्य आधुनिक रक्षा उपकरण खरीदने की योजना पर कार्य कर रहा है।

​भविष्य की चुनौतियों के लिए सैन्य तैयारियों पर जोर

​सैन्य अधिकारियों के अनुसार, बदलते युद्ध परिदृश्य और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए भारत अपनी रक्षा प्रणाली को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। पाकिस्तान को चीन से जे-35 विमानों सहित तुर्की से मिलने वाले संभावित सैन्य सहयोग के मद्देनजर भारत आधुनिक हथियारों के स्वदेशी उत्पादन को बढ़ाने और हवाई सुरक्षा तंत्र को मजबूत रखने की दिशा में कदम उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *