रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने 16 वर्षीय भारतीय एआई इनोवेटर राउल जॉन अजू से की बातचीत, पीएम मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विजन की सराहना की
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने 16 वर्षीय भारतीय एआई इनोवेटर राउल जॉन अजू से की बातचीत, पीएम मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विजन की सराहना की
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में आयोजित ‘जर्नी टू द वर्ल्ड ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ सम्मेलन के दौरान 16 वर्षीय भारतीय एआई इनोवेटर राउल जॉन अजू से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विजन की प्रशंसा की। पुतिन ने कहा कि यह पहल युवाओं को स्वयं समाधान विकसित करने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करती है।
सम्मेलन के पूर्ण सत्र के समापन पर हुई इस बातचीत में पुतिन ने अजू से पूछा कि क्या शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का बढ़ता उपयोग किसी प्रकार का खतरा पैदा करता है। इसके जवाब में अजू ने कहा कि एआई पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय उसके साथ मिलकर काम करने और शिक्षा में इस तकनीक को संतुलित ढंग से अपनाने की आवश्यकता है। कैलकुलेटर का उदाहरण देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी उपकरणों के उपयोग से पूर्व छात्रों में बुनियादी अवधारणाओं की मजबूत समझ होना आवश्यक है, ताकि एआई का इस्तेमाल नए विचार खोजने और डेटा विश्लेषण जैसे कार्यों में जिम्मेदारीपूर्वक किया जा सके।
इंस्टाग्राम पर साझा किया अनुभव, सफर के सहयोगियों का जताया आभार
राउल जॉन अजू ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर राष्ट्रपति पुतिन के साथ हाथ मिलाते हुए एक वीडियो क्लिप और सेल्फी साझा की। नौ वर्ष की आयु में पहला वीडियो बनाने से लेकर रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात तक के अपने सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें एक बेहतर इंसान बनाया है और ‘एआई जर्नी’ मंच पर विशेषज्ञों से मिलकर उन्हें सीखने की नई प्रेरणा मिली है।

