Saturday, November 28, 2026
उत्तराखंड

अंकिता भंडारी हत्याकांड वीवीआईपी एंगल: पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित, नहीं होगा नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट

अंकिता भंडारी हत्याकांड वीवीआईपी एंगल: पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित, नहीं होगा नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट

​देहरादून/हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीवीआईपी एंगल की जांच से जुड़ा एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित किए जाने के बाद अब उनका नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं किया जाएगा। इस मामले में जांच के तहत पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को तथा पॉलीग्राफ टेस्ट प्रस्तावित था, जिसके लिए दोनों बीते तीन-चार दिनों से गुजरात के गांधीनगर में मौजूद थे।

​जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को गुजरात की फोरेंसिक लैब में टेस्ट से पूर्व आवश्यक मेडिकल जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को जारी हुई। रिपोर्ट में सुरेश राठौड़ को इन परीक्षणों के लिए चिकित्सकीय रूप से अयोग्य पाया गया। उनके पुत्र लक्की राठौड़ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ वर्ष पूर्व हुए एक सड़क हादसे के कारण सुरेश राठौड़ के सिर में क्लॉट और कुछ धब्बे पाए गए हैं, जिसके चलते उन्हें अनफिट घोषित किया गया है। इस निर्णय के बाद वे गांधीनगर से वापस हरिद्वार लौट रहे हैं।

​अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने स्वास्थ्य जांच पर उठाए थे सवाल

​दूसरी ओर, नार्को टेस्ट से पहले की जा रही स्वास्थ्य जांच पर अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया के माध्यम से सवाल उठाए थे। उन्होंने फेसबुक पर सुरेश राठौड़ के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए आशंका जताई थी कि पूर्व विधायक टेस्ट से बचने के लिए शुगर या अन्य बीमारियों का बहाना बना सकते हैं। अब मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुरेश राठौड़ का परीक्षण टलने से जांच की आगे की दिशा पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *