Saturday, November 28, 2026
उत्तराखंड

उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ा, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष की गई; मेडिकल पीजी छात्रों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा लागू

उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ा, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष की गई; मेडिकल पीजी छात्रों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा लागू

​देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में युवा, किसान, कर्मचारी और आम नागरिकों से जुड़े कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मंत्रिमंडल के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही, वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा को 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दिया गया है, जो 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। वहीं, फार्मासिस्ट भर्ती में अब डी-फार्मा के साथ-साथ बी-फार्मा अभ्यर्थियों को भी शामिल होने का अवसर मिलेगा।

​चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेजों से स्नातकोत्तर (पीजी) करने वाले छात्रों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने पर मुहर लगाई गई है। गन्ना किसानों और चीनी मिलों को राहत देने के उद्देश्य से सरकार ने चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने हेतु 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने को स्वीकृति दी है। इसके अतिरिक्त, ऋषिकेश के बापू ग्राम की 594.94 एकड़ भूमि सहित वन क्षेत्र में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है, जिसका प्रस्ताव अब केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

​शहरी विकास, खनन और प्रशासनिक सुधारों पर भी लिए गए निर्णय

​कैबिनेट ने हरिद्वार में पीआरटी परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित करने, भवन निर्माण एवं बिल्डिंग बायलॉज के नियमों में शिथिलता देने तथा लैंड यूज परिवर्तन की दरों में बड़ी कटौती करने को मंजूरी दी है। खनन क्षेत्र में रॉयल्टी में वृद्धि किए बिना जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की गई है। इसके अलावा, श्रम विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन, ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन व रखरखाव, आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच व सहायक आयुक्त के छह नए पदों के सृजन, सेतु आयोग में आईटी पदों की मंजूरी और पंचम विधानसभा के सत्रावसान सहित विभिन्न सेवा नियमावलियों में संशोधन को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *