Saturday, November 28, 2026
उत्तराखंड

संशोधित परिसीमन विधेयक पर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से, उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सीटों के घटने और प्रतिनिधित्व सिमटने की चिंता

संशोधित परिसीमन विधेयक पर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से, उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सीटों के घटने और प्रतिनिधित्व सिमटने की चिंता

​देहरादून। मानसून सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 105 दिन बाद केंद्र सरकार ने संशोधित ‘परिसीमन विधेयक’ पेश करने के लिए 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठकें 2 दिसंबर से शुरू होंगी। प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा सीटों में 50 फीसदी वृद्धि, राज्यों के बीच लोकसभा प्रतिनिधित्व के लिए 1971 की जनगणना पर रोक को 25 वर्ष बढ़ाने और राज्यों के भीतर सीटों के पुनर्गठन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने जैसे प्रावधानों की चर्चा है।

​इस पहल पर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने सत्र और बहुमत जुटाने की कवायद पर सवाल उठाए हैं, जबकि एनडीए खेमे ने अंकगणित मजबूत होने का दावा किया है।

​पहाड़ में सीटें घटने और भौगोलिक दुर्गमता की चुनौती

​उत्तराखंड में 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन होने की स्थिति में पहाड़ी जिलों की 4 से 6 विधानसभा सीटें कम होने की आशंका जताई जा रही है। पलायन और धीमी जनसंख्या वृद्धि के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व घटने तथा शेष सीटों का भौगोलिक क्षेत्रफल बढ़ने से नीतिगत फैसलों और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच प्रभावित हो सकती है। इससे पहले 2008 के परिसीमन में भी पहाड़ की 6 सीटें घटकर मैदानी क्षेत्रों में स्थानांतरित हुई थीं।

​मैदानी जिलों में सीटों में इजाफे की संभावना

​दूसरी ओर, हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में जनसंख्या वृद्धि के चलते परिसीमन में इन क्षेत्रों की सीटों में 4 से 6 सीटों की बढ़ोतरी की संभावना देखी जा रही है। यदि कुल विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का विकल्प नहीं चुना गया, तो पहाड़ की मौजूदा सीटों को बनाए रखने की चुनौती और बढ़ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *