रेडॉन गैस में बदलाव से भारी बारिश और बाढ़ का भी संकेत, केदारनाथ आपदा के अध्ययन में खुलासा
रेडॉन गैस में बदलाव से भारी बारिश और बाढ़ का भी संकेत, केदारनाथ आपदा के अध्ययन में खुलासा
जमीन के नीचे रेडॉन गैस के स्तर में होने वाला बदलाव सिर्फ भूकंप ही नहीं, बल्कि भारी बारिश और बाढ़ जैसी आपदाओं का भी संकेत हो सकता है। वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के वैज्ञानिकों के नए शोध में यह अहम निष्कर्ष सामने आया है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला कि मूसलाधार बारिश के दौरान भूजल में रेडॉन गैस की मात्रा सामान्य औसत से दोगुनी से अधिक बढ़ गई थी।
केदारनाथ आपदा के आंकड़ों का विश्लेषण
भू-वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार का यह शोध ‘जियोफिजिक्स फॉर एडवांसिंग सेस्मोलॉजी’ में प्रकाशित हुआ है। 15 से 17 जून 2013 के बीच केदारनाथ में 52 घंटे लगातार हुई भारी बारिश और बाढ़ के दौरान गुत्तू स्थित 68 मीटर गहरे बोरहोल में जलस्तर तेजी से बढ़ा था। अध्ययन में पाया गया कि इस दौरान भूजल में रेडॉन का स्तर दोगुने से ज्यादा हो गया, जबकि मिट्टी में इसकी मात्रा कम हो गई।
भूकंप के शुरुआती संकेत के रूप में रेडॉन
रेडॉन एक रंगहीन, गंधहीन और रेडियोधर्मी गैस है, जो मिट्टी व चट्टानों में मौजूद यूरेनियम के प्राकृतिक क्षय से बनती है। डॉ. नरेश कुमार के मुताबिक, भूकंप से पहले रेडॉन के स्तर में उतार-चढ़ाव देखा जाता है, जिसके संकेत नेपाल भूकंप में भी मिले थे। हालांकि, जमीन के करीब 100 किलोमीटर नीचे की हलचल को सीधे मापना कठिन है और केवल रेडॉन के आधार पर भूकंप की सटीक भविष्यवाणी फिलहाल संभव नहीं है।
बारिश और भूकंप के संकेतों में फर्क समझना जरूरी
शोध के अनुसार, भारी बारिश में सतह का पानी तेजी से जमीन में रिसता है और मिट्टी की रेडॉन को अपने साथ भूजल में ले जाता है। इसलिए वैज्ञानिकों का मानना है कि भूकंप के असली संकेतों को बारिश या मौसम से जुड़े बदलावों से अलग करने के लिए रेडॉन डेटा का बारिश, भूजल स्तर और अन्य भूकंपीय आंकड़ों के साथ मिलकर विश्लेषण करना जरूरी है।

