एपेक सम्मेलन में दिखा चीन का कूटनीतिक संदेश: ट्रंप-पुतिन का भव्य स्वागत, जापानी पीएम से बेरुखी
एपेक सम्मेलन में दिखा चीन का कूटनीतिक संदेश: ट्रंप-पुतिन का भव्य स्वागत, जापानी पीएम से बेरुखी
चीन के शेनझेन में चल रहे एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के अलग-अलग स्वागत अंदाज ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान खींचा है। जहां बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का जोरदार स्वागत हुआ, वहीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के प्रति बेहद ठंडा रवैया देखने को मिला।
किसका कैसे हुआ स्वागत?
शेनझेन एयरपोर्ट पर डोनाल्ड ट्रंप की अगवानी के लिए खुद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहुंचे और सैन्य सम्मान के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत जिनपिंग के करीबी वरिष्ठ नेता काई छी ने किया। इसके अलावा दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं को भी पूरा सम्मान मिला। इसके उलट, जापानी पीएम ताकाइची के स्वागत के लिए केवल एक पूर्व राजदूत और सीमित सुरक्षाकर्मी मौजूद थे।
ताइवान को लेकर जारी तनाव बनी वजह
जानकार इस ठंडी प्रतिक्रिया को ताइवान के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच चल रही तनातनी से जोड़ रहे हैं। पिछले साल नवंबर में ताकाइची ने कहा था कि अगर चीन ताइवान पर हमला करता है और इससे जापान की सुरक्षा को खतरा होता है, तो जापानी सेना कार्रवाई कर सकती है। ताइवान को अपना हिस्सा मानने वाले चीन ने इस बयान पर कड़ी नाराजगी जताई थी, जिसके बाद से दोनों देशों के रिश्तों में खटास है।
जिनपिंग से हाथ मिलाया, पुतिन से की मुलाकात
हवाई अड्डे पर बेरुखी के बावजूद, एपेक के स्वागत समारोह में ताकाइची और शी जिनपिंग ने हाथ मिलाकर संक्षिप्त बातचीत की। पिछले साल के विवाद के बाद यह दोनों की पहली सार्वजनिक मुलाकात थी। इसके अलावा, ताकाइची ने सम्मेलन से इतर रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी मुलाकात की और रूस में हिरासत में रखे गए एक जापानी नागरिक व जापानी कंपनियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

