बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर और सांसद के आवास पर आगजनी
बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर और सांसद के आवास पर आगजनी
बांग्लादेश में हिंसा की ताजा घटनाओं के बीच बुधवार रात चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई। गश्त पर तैनात पुलिस ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दूसरी ओर, गोपालगंज में भी एक सांसद के घर पर हमले और तोड़फोड़ की खबर है।
यूनुस के घर के खाली कमरे में लगाई आग
बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, चटगांव के पंचलैश इलाके में स्थित यूनुस के पैतृक घर के ग्राउंड फ्लोर पर बने एक खाली कमरे में रात करीब 11:30 बजे आग लगाई गई। पुलिस अधिकारी मोजम्मेल हक ने बताया कि इलाके में नियमित गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने तुरंत अंदर जाकर आग बुझा दी। इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर यूनुस के दो भाइयों के परिवार रहते हैं, जबकि ग्राउंड फ्लोर खाली रहता है। घटना के बाद घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
गोपालगंज में सांसद के आवास पर हमला
एक अन्य घटना में, गोपालगंज-2 के सांसद केएम बाबर के आवास पर भी बुधवार रात हमला हुआ। अवामी लीग के कथित समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए सांसद के घर के मुख्य दरवाजे में आग लगा दी। हमलावरों ने कच्चे बम फोड़े, पत्थरबाजी की और लाठियों से खिड़कियों के शीशे तोड़ते हुए सांसद के निजी दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की।
क्लिनिक में मची अफरा-तफरी
इस इमारत की ऊपरी मंजिल पर एक क्लिनिक और डायग्नोस्टिक सेंटर भी है। हमले के कारण वहां भर्ती गर्भवती महिलाओं, नई माताओं और नवजात शिशुओं के परिजनों में दहशत फैल गई और उन्हें तुरंत बाहर निकालना पड़ा। हालांकि, मरीजों की हालत देखते हुए हमलावरों ने खुद ही आग बुझा दी। बाद में सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

