‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर रिलीज: घर जमाई की अनोखी कहानी लेकर आए सूरज बड़जात्या
‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर रिलीज: घर जमाई की अनोखी कहानी लेकर आए सूरज बड़जात्या
मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या की नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों को 90 के दशक की पारिवारिक फिल्मों की याद दिला दी है। फिल्म में रिश्तों को एक नए नजरिए से दिखाया गया है, जहां शादी के बाद दूल्हा ही दुल्हन के घर रहने आता है, ताकि लड़की को अपने मायके और ससुराल के बीच किसी एक को चुनने की मजबूरी न रहे।
सोशल मीडिया पर मिल रहा जबरदस्त प्यार
ट्रेलर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की तारीफों की बाढ़ आ गई है। लोग इसे असली ‘फैमिली एंटरटेनर’ बता रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि हर फ्रेम भावनाओं और भारतीय संस्कृति से भरा हुआ है। फैंस ने ‘प्रेम’ के किरदार में आयुष्मान खुराना की मासूमियत और शरवरी के 90 के दशक की हीरोइन वाले क्लासिक अंदाज की जमकर सराहना की है। दर्शकों के मुताबिक, यह फिल्म समाज की पुरानी सोच को बदलने का एक प्यारा संदेश देती है।
हिमेश रेशमिया का संगीत और दमदार स्टारकास्ट
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी हिमेश रेशमिया ने संभाली है, जिसे खूब पसंद किया जा रहा है। फिल्म का गाना ‘झुमका पटोला’ पहले ही 10 लाख से ज्यादा व्यूज पार कर चुका है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे और राजेश कुमार जैसे कई अनुभवी कलाकार नजर आएंगे। ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

