डबलिन से रोम जा रही एयर लिंगस फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, फ्रांस में करानी पड़ी इमर्जेंसी लैंडिंग
डबलिन से रोम जा रही एयर लिंगस फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, फ्रांस में करानी पड़ी इमर्जेंसी लैंडिंग
आयरलैंड की राजधानी डबलिन से इटली की राजधानी रोम जा रही ‘एयर लिंगस’ (Aer Lingus) की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद फ्रांस में सुरक्षित उतार लिया गया। फ्रांसीसी प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, एयरबस A320 विमान को खतरे की सूचना मिलने के बाद उत्तरी फ्रांस के एव्रेक्स (Évreux) सैन्य एयरबेस की ओर मोड़ दिया गया था।
फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने पेरिस के पास अपना रास्ता बदला और ‘इन-फ्लाइट इमरजेंसी’ (कोड 7700) घोषित करते हुए एव्रेक्स क्षेत्र के ऊपर चक्कर लगाए। विमान के लैंड करने के बाद उस पर सवार सभी 151 यात्रियों और 6 क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जांच शुरू कर दी गई।
यह घटना यूरोप में उड़ानों को निशाना बनाकर दी जा रही धमकियों के बढ़ते सिलसिले का हिस्सा है। हाल के दिनों में यूरोपीय उड़ानों और जहाजों को ऐसी कई धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि शुरुआती जांच में ज्यादातर मामले अफवाह या झूठी धमकियां साबित हुए हैं।

