मनोरंजन

अनिल कपूर ने शेयर किया बचपन का मजेदार किस्सा: बिना बुलाए शादियों में जाकर गटक जाते थे दर्जनों कोल्ड ड्रिंक की बोतलें

अनिल कपूर ने शेयर किया बचपन का मजेदार किस्सा: बिना बुलाए शादियों में जाकर गटक जाते थे दर्जनों कोल्ड ड्रिंक की बोतलें

​क्विज गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ के मंच पर अभिनेता अनिल कपूर ने अपने बचपन से जुड़ा एक दिलचस्प और मजेदार किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि मुंबई के चेंबूर स्थित तिलक नगर में रहने के दौरान वह और उनके दोस्त बिना बुलाए ही शादियों में पहुंच जाते थे और मेहमानों की तरह पेश आकर वहां जमकर मजे करते थे।

​बिना बुलाए शादी में जाने का असली मकसद

अनिल कपूर ने उस दौर को याद करते हुए हंसते हुए बताया, “हम चेंबूर के तिलक नगर में रहते थे, जहां अक्सर छोटी-बड़ी शादियां होती थीं। फ्री में कुछ भी मिले, फिर चाहे गिफ्ट हो या खाना, इंसान का वहां जाना लाजिमी है।” उन्होंने खुलासा किया कि शादियों में जाने का उनका मुख्य आकर्षण केवल खाना नहीं था, बल्कि उन्हें ‘गोल्ड स्पॉट’ और ‘मंगोला’ पीना बेहद पसंद था।

​शादी में किसी को शक न हो, इसके लिए वे लोगों को “नमस्ते, नमस्ते, कैसे हो?” कहते हुए सीधे ठंडे पेय (कोल्ड ड्रिंक) वाले काउंटर पर पहुंच जाते थे। अभिनेता ने मजेदार खुलासा करते हुए बताया कि वे वहां जाकर एक बार में 11 से 12 बोतल गोल्ड स्पॉट और मंगोला पी जाते थे।

​खुद को बताया ‘बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना’

अपने इस पुराने कारनामे को याद करते हुए अनिल कपूर ने मशहूर कहावत ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ का जिक्र करते हुए हंसते हुए कहा कि असल में यह कहावत “बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना” होनी चाहिए।

​नया शो ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’

बता दें कि अनिल कपूर अब एक नए अंदाज में दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं। वह शो ‘इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट’ में होस्ट की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस नए कार्यक्रम का प्रसारण 19 सितंबर से स्टार प्लस पर शुरू हो रहा है, जिसे ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *