खेल

भारतीय महिला टीम ने जापान को रौंदकर एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह, शेफाली वर्मा की तूफानी पारी

भारतीय महिला टीम ने जापान को रौंदकर एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह, शेफाली वर्मा की तूफानी पारी

​भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हरा दिया है। इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां 20 सितंबर को उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा।

​कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को पूरी तरह सही साबित करते हुए जापानी टीम को 19.5 ओवर में महज 57 रन पर समेट दिया। जापान की ओर से सलामी बल्लेबाज हारुना इवासाकी (10) और अयाका काटो स्टेफॉर्ड (25) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सकी।

​भारत की तरफ से श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4, जबकि शेफाली वर्मा ने 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

​शेफाली वर्मा का धमाकेदार प्रदर्शन

जीत के लिए 58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने महज 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 59 रन बनाते हुए आसानी से मैच अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने महज 15 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 40 रन बनाए। उनके साथ ऋचा घोष 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।

​सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगी टक्कर

सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा, जिसने चीन के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द होने और बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर अंतिम-4 में जगह बनाई है। दोनों टीमें हाल ही में एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भी आमने-सामने थीं, जहां भारत ने बाजी मारी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *