स्विट्जरलैंड में रेव पार्टी के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, 1 की मौत और 5 घायल; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
स्विट्जरलैंड में रेव पार्टी के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, 1 की मौत और 5 घायल; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
स्विट्जरलैंड के आरौ शहर में रविवार तड़के एक रेव पार्टी के दौरान गोलीबारी से हड़कंप मच गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
आरौ में रात 2:30 बजे हुई गोलीबारी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी आरौ के शाचेन इलाके में रविवार तड़के करीब 2:30 बजे हुई। घटना के बाद हॉर्स रेसिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल और आसपास के खेल मैदानों को पुलिस ने घेर लिया।
आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कई राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार, बड़ी संख्या में लोगों के मौजूद होने के दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, घटना के पीछे क्या वजह थी और गोलीबारी किस परिस्थिति में हुई, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। साथ ही शहर के केंद्र और आरौ के बाहर भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
लोगों से शाचेन इलाके से दूर रहने की अपील
गोलीबारी के बाद पुलिस ने लोगों को शाचेन इलाके से दूर रहने की सलाह दी है। बड़े पुलिस ऑपरेशन के चलते आरौ का स्विमिंग पूल भी अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हॉर्स रेसिंग ट्रैक और आसपास के इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए भारी बल तैनात किया गया है। अभियान में आर्गौ कैंटोनल डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट और सेना का सुपर प्यूमा हेलीकॉप्टर भी शामिल है।
हमलावरों की तलाश जारी
आर्गौ कैंटोनल पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर की तलाश अभी जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और गोलीबारी के पीछे क्या मकसद था।
फिलहाल घटना का कारण और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने लोगों से जांच प्रभावित न करने और घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।
