उत्तराखंड

हल्द्वानी में व्यापारियों से CM धामी का संवाद, बोले- “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

हल्द्वानी में व्यापारियों से CM धामी का संवाद, बोले- “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

29 हजार से ज्यादा नई MSME इकाइयां स्थापित, 1.27 लाख युवाओं को मिला रोजगार; 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं सिंगल विंडो पोर्टल पर उपलब्ध

हल्द्वानी, 29 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुने और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिया।

संवाद के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी प्रक्रिया को सरल बनाने, मंडी शुल्क, अतिक्रमण, पार्किंग, लीज नवीनीकरण और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे। इसके अलावा स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की मांग भी उठाई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार व्यापारियों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल कारोबारी माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है।

29 हजार से ज्यादा MSME इकाइयां, 1.27 लाख युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में 29 हजार से अधिक नई MSME इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। सरकार का लक्ष्य उद्योगों को बाधा देने के बजाय उनके लिए सहयोगी और भागीदार की भूमिका निभाना है।

206 से ज्यादा सेवाएं ऑनलाइन

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। वर्तमान में 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाना लक्ष्य

सीएम धामी ने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के साथ 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी स्थापित किया गया है, ताकि युवा अपने विचारों और नवाचार के जरिए कारोबार खड़ा कर सकें।

पहाड़ों में भी उद्योगों को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिन्हित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है, जबकि सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाओं की योजना है।

‘मेड इन उत्तराखंड’ को ग्लोबल ब्रांड बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को बड़े बाजारों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘मेड इन उत्तराखंड’ को गुणवत्ता और भरोसे के साथ देश-दुनिया में मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है। फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्र भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से प्रदेश में निवेश और कारोबारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापार की प्रगति में ही उत्तराखंड की प्रगति है। सरकार की प्राथमिकता व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग जगत के सहयोग से ऐसा उत्तराखंड तैयार किया जाएगा, जहां युवाओं के हाथ में रोजगार, व्यापारियों के मन में विश्वास और उद्यमियों के सामने नए अवसर हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *