नेपाल बाढ़: 320 भारतीय लापता, चीन सीमा पर फंसे 400 नागरिक सुरक्षित
नेपाल बाढ़: 320 भारतीय लापता, चीन सीमा पर फंसे 400 नागरिक सुरक्षित
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद करीब 320 भारतीय नागरिकों के लापता या संपर्क से बाहर होने की जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि अब तक 84 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना में काम करने वाले 63 भारतीय भी शामिल हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से काठमांडू पहुंचे 21 भारतीय नागरिक शुक्रवार को दिल्ली लौट आए। वहीं चीन की सीमा पर फंसे करीब 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और अपने परिवारों के संपर्क में हैं। इनमें से 96 भारतीय सड़क मार्ग से सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं। बाकी लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि करीब 100 भारतीय मूल के लोग भी संपर्क से बाहर हैं, जिनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए ऐसे लोग शामिल हो सकते हैं जिनके पास अन्य देशों की नागरिकता है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के साथ काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों के कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय हैं। दूतावास चीन के स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर सीमा पर फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी की कोशिश कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि स्थिति लगातार बदल रही है और विभिन्न सूचियों के मिलान के बाद आंकड़ों में बदलाव संभव है।
