उत्तराखंड में अगले 5 दिन मौसम रहेगा खराब, भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट
उत्तराखंड में अगले 5 दिन मौसम रहेगा खराब, भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 28 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।
29 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अगस्त को पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ तेज से अत्यधिक तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
30 अगस्त को कई जिलों में बारिश
30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, चमोली और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना है। वहीं प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है।
31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
1 सितंबर को इन जिलों में बारिश का अनुमान
1 सितंबर को पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। बाकी जिलों में भी आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है।
पहाड़ी इलाकों में बढ़ सकती हैं मुश्किलें
लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व गाड़-गदेरों के पास नहीं जाने की अपील की है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर खड़े न होने की भी सलाह दी गई है। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है।
देहरादून समेत कई इलाकों में हुई तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अगस्त को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। देहरादून के अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी है। पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों तक बारिश के तीव्र और अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं।
