उत्तराखंड

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में कांग्रेस ने कसी कमर, सोशल मीडिया टीम में नई नियुक्तियां

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में कांग्रेस ने कसी कमर, सोशल मीडिया टीम में नई नियुक्तियां

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी आने वाले महीनों में कई बड़े नेताओं के प्रदेश दौरे की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया विभाग में नई नियुक्तियां कर संगठन को चुनावी मोर्चे पर और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग में नवनियुक्त पदाधिकारियों की नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।

अभिनव थापर बने सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष

उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए नई नियुक्तियों की जानकारी साझा की। इसके तहत अभिनव थापर को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

वहीं भारत शर्मा और हर्षित सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष यानी को-चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई है।

चार नेताओं को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी

सोशल मीडिया विभाग में मधुसूदन सुंदरीयाळ, रोहित भट्ट, दिनेश चंद्र टम्टा और जसवीर कौर को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।

नई टीम विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही पार्टी भाजपा के खिलाफ नैरेटिव वॉर में भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगी।

जनसरोकारों की आवाज को मजबूती देने पर जोर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम उत्तराखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग को और मजबूत बनाएगी और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाएगी।

मीडिया टीम में भी हो चुकी हैं नियुक्तियां

इससे पहले कांग्रेस ने मीडिया से जुड़े कामों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए भी संगठनात्मक बदलाव किए थे। पार्टी ने पांच कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए थे।

इनमें पंखुड़ी पाठक को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाया गया था, जबकि प्रकाश मीणा, अरुण अग्रवाल, रितु चौधरी और आदित्य गर्ग को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कांग्रेस की इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और संचार तंत्र को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *