उत्तराखंड

त्रिशूल चौक पर कथित भड़काऊ भाषण पर CM धामी सख्त, बोले- कानून के अनुसार होगी कार्रवाई

त्रिशूल चौक पर कथित भड़काऊ भाषण पर CM धामी सख्त, बोले- कानून के अनुसार होगी कार्रवाई

खटीमा: त्रिशूल चौक पर जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान दिए गए कथित भड़काऊ भाषण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। चंपावत रवाना होने से पहले खटीमा के लोहियाहेड हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में कानून का राज है और उन्मादी भाषण देने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कथित भाषण को लेकर प्रशासन कर रहा तलाश

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि त्रिशूल चौक पर दिया गया कथित उन्मादी भाषण केवल एक व्यक्ति का बयान नहीं है, बल्कि उन्होंने इसे एक विचारधारा से जोड़ते हुए कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और प्रशासन संबंधित व्यक्ति की तलाश कर रहा है।

सीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था बिगाड़ने या भड़काऊ बयान देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान को भी जारी रखने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि अब तक राज्य में करीब 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इस मामले में सरकार का रुख स्पष्ट है।

रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को दी शुभकामनाएं

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बहनें आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूह, राजनीति, सामाजिक क्षेत्र और व्यापार समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका मजबूत कर रही हैं।

सरकारी नौकरियों में 30 फीसदी आरक्षण का जिक्र

सीएम धामी ने महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। वहीं सहकारिता के क्षेत्र में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के तहत उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की महिलाओं की समृद्धि और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *