खेल

श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट ड्रॉ, भारत ने 1-0 से जीती सीरीज

श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट ड्रॉ, भारत ने 1-0 से जीती सीरीज

भारत और श्रीलंका के बीच सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके साथ ही भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

मुकाबले के पांचवें दिन श्रीलंका ने दूसरी पारी में 9 विकेट पर 429 रन बना लिए थे। इसके बाद दोनों टीमों ने ड्रॉ पर सहमति जताई। भारत के पास जीत के लिए श्रीलंका के आखिरी चार विकेट लेने का मौका था, लेकिन सोनल दिनुषा की नाबाद 133 रन की शानदार पारी ने भारतीय गेंदबाजों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

भारत ने पहली पारी में बनाए 503 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 503/9 पर पारी घोषित की। देवदत्त पडिक्कल ने 117 रन और ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए। ऋषभ पंत ने 63 जबकि शुभमन गिल ने 50 रन का योगदान दिया।

श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने चार विकेट लिए।

जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर समाप्त हुई। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

फॉलोऑन के बाद भी नहीं मिली जीत

भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में श्रीलंका के शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद पसिंदु सूरियाबंदारा ने 92 रन बनाकर टीम को संभाला।

इसके बाद सोनल दिनुषा ने लगातार दूसरी पारी में शतक लगाते हुए भारतीय टीम को जीत से दूर कर दिया। उन्होंने 264 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 133 रन बनाए। केशरा नुवानुथा के साथ उनकी 112 रन की साझेदारी ने श्रीलंका की स्थिति मजबूत कर दी।

भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ने दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट लिए।

पहला टेस्ट जीतकर भारत ने सीरीज पर किया कब्जा

भारत ने सीरीज का पहला टेस्ट 165 रन से जीता था। दूसरे टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद श्रीलंका सीरीज बराबर नहीं कर सका और भारत ने 1-0 से सीरीज अपने नाम कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *