उत्तराखंड

नंदानगर में भरभराकर टूटी पहाड़ी, दो वाहन क्षतिग्रस्त

नंदानगर में भरभराकर टूटी पहाड़ी, दो वाहन क्षतिग्रस्त

नंदानगर। चमोली जिले के नंदानगर में गुरुवार को सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क किनारे जा गिरा। भारी मलबे और बड़े-बड़े पत्थरों की चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

भूस्खलन की तस्वीरों और वीडियो में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरते दिखाई दे रहे हैं। जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ, उसके नीचे सड़क से वाहनों की आवाजाही भी होती रहती है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

लगातार गिर रहा मलबा

नंदानगर के एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी टूटने से भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र और टैक्सी स्टैंड के आसपास नहीं जाने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, पहाड़ी से अभी भी मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं, इसलिए वहां जाना जोखिम भरा हो सकता है।

बारिश में बढ़ता भूस्खलन का खतरा

चमोली में बरसात के दौरान भूस्खलन की घटनाएं लगातार चुनौती बनी रहती हैं। जिले के ग्रामीण इलाकों में पहाड़ी दरकने से सड़कें और संपर्क मार्ग बाधित हो जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

नंदानगर की ताजा घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे संवेदनशील पहाड़ियों की सुरक्षा और समय रहते सुरक्षात्मक इंतजाम किए जाने की जरूरत को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पहले से सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *