मनोरंजन

जाह्नवी कपूर के एक बयान पर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, ‘कॉफी विद करण’ में वीर पहाड़िया को लेकर कही थी यह बात

जाह्नवी कपूर के एक बयान पर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, ‘कॉफी विद करण’ में वीर पहाड़िया को लेकर कही थी यह बात

​मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर अपने एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स के निशाने पर आ गई हैं। करण जौहर के मशहूर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के दौरान जाह्नवी ने अभिनेता वीर पहाड़िया को डेटिंग से जुड़ा एक सुझाव दिया, जिसे लेकर इंटरनेट पर नई बहस छिड़ गई है। शो के रैपिड-फायर राउंड में जब करण जौहर ने पूछा कि वह वीर पहाड़िया को क्या डेटिंग सलाह देंगी, तो जाह्नवी ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, ‘उसे कभी कॉन्सर्ट में मत ले जाना।’

​जाह्नवी की इस एक लाइन की टिप्पणी को सोशल मीडिया यूजर्स वीर की एक्स गर्लफ्रेंड तारा सुतारिया और सिंगर एपी ढिल्लों के मुंबई कॉन्सर्ट से जुड़े पुराने वायरल विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।

​सोशल मीडिया पर क्यों भड़के यूजर्स?

जाह्नवी के इस जवाब के बाद जहां कुछ लोगों को यह मजाकिया लगा, वहीं कई यूजर्स ने इसे अनुचित बताते हुए अभिनेत्री की तीखी आलोचना की। एक यूजर ने इसे दूसरी महिला को नीचा दिखाने वाला बयान बताया, तो वहीं अन्य ने इसे ‘हैम्पर’ जीतने के लिए किया गया सस्ता मजाक करार दिया। हालांकि, अभिनेत्री ने अपने इस बयान में किसी का नाम नहीं लिया था।

​तारा सुतारिया और एपी ढिल्लों के कॉन्सर्ट से कनेक्शन:

इस बयान को दिसंबर 2025 की उस घटना से जोड़ा जा रहा है, जब तारा सुतारिया एपी ढिल्लों के मुंबई कॉन्सर्ट में उनके साथ स्टेज पर नजर आई थीं और इस दौरान सिंगर के साथ उनकी नजदीकियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तारा और वीर पहाड़िया ने साल 2025 की शुरुआत में एक-दूसरे को डेट किया था और बाद में उनके अलग होने की खबरें आई थीं। हालांकि, जाह्नवी की इस टिप्पणी को सीधे तौर पर तारा पर तंज मानना फिलहाल लोगों की अटकलें ही हैं।

​जाह्नवी कपूर के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स:

वर्कफ्रंट की बात करें तो जाह्नवी जल्द ही टाइगर श्रॉफ और लक्ष्य के साथ फिल्म ‘लग जा गले’ में नजर आने वाली हैं, जिसके 2027 की गर्मियों में रिलीज होने की संभावना है। इसके अलावा उनके पास एटली की साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म ‘राका’ (अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण के साथ) से जुड़े होने की भी चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *