प्रियंका चोपड़ा ने विदेश में मनाया करवा चौथ, पति निक जोनस के नाम की लगाई मेहंदी और शेयर किया देसी नुस्खा
प्रियंका चोपड़ा ने विदेश में मनाया करवा चौथ, पति निक जोनस के नाम की लगाई मेहंदी और शेयर किया देसी नुस्खा
लॉस एंजिल्स: ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा हर साल की तरह इस साल भी पूरी शिद्दत के साथ करवा चौथ का त्योहार मना रही हैं। विदेश में रहने के बावजूद अपनी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहने वाली अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी करवा चौथ स्पेशल मेहंदी की एक खूबसूरत झलक फैंस के साथ शेयर की है।
प्रियंका ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह अपने हाथों पर पति निक जोनस के नाम की मेहंदी सजाए नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “पिया के नाम की.. करवा चौथ मना रहे सभी को हैप्पी करवा चौथ।” एक अन्य स्टोरी में उन्होंने मेहंदी का क्लोज-अप शेयर करते हुए पारंपरिक मान्यता का जिक्र किया और मजाकिया अंदाज में पूछा, “सवाल ये है कि क्या चाशनी काम करेगी?”
मेहंदी का गहरा रंग लाने का पारंपरिक नुस्खा:
प्रियंका ने जिस चाशनी (नींबू और चीनी के घोल) का जिक्र किया, उसके पीछे एक वैज्ञानिक और पारंपरिक वजह है। मेहंदी सूखने पर पपड़ी बनकर झड़ने लगती है, लेकिन चीनी के चिपचिपेपन से वह त्वचा पर लंबे समय तक टिकी रहती है। साथ ही, नींबू-चीनी का घोल मेहंदी को नम बनाए रखता है, जिससे उसका रंग गहरा और पक्का आता है, क्योंकि ‘लॉसोन’ नामक तत्व नमी रहने पर ही रंग छोड़ता है।
बेटी मालती को भी सिखा रही हैं परंपराएं:
प्रियंका और अमेरिकी सिंगर निक जोनस की शादी को काफी समय हो गया है, लेकिन एक्ट्रेस हमेशा यह सुनिश्चित करती हैं कि उनकी बेटी मालती मैरी भी भारतीय त्योहारों से जुड़ी रहे। इससे पहले प्रियंका ने अपने लॉस एंजिल्स स्थित घर पर दशहरा और दुर्गा पूजन का आयोजन किया था, जिसमें हवन और कन्या पूजन के दौरान निक जोनस और बेटी मालती भी शामिल हुए थे।

