प्रभात जयसूर्या को ICC की फटकार, एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला
प्रभात जयसूर्या को ICC की फटकार, एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला
भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में आउट होने के बाद गुस्से में अपना बल्ला विज्ञापन बोर्ड पर मारने वाले श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या पर आईसीसी ने कार्रवाई की है। आईसीसी ने मंगलवार को उन्हें आधिकारिक फटकार लगाई और एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया।
जयसूर्या को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़े या मैदान के सामान के दुरुपयोग से संबंधित है।
आउट होने के बाद खोया आपा
दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन जयसूर्या को श्रीलंका ने नाइटवॉचमैन के तौर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा था। भारत के बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया।
जयसूर्या ने फैसले के खिलाफ रिव्यू लिया, लेकिन गेंद पहले पैड से टकराने के कारण अंपायर्स कॉल के तहत आउट का फैसला बरकरार रहा। पवेलियन लौटते समय वह काफी निराश नजर आए और उन्होंने अपना बल्ला बाउंड्री वेज यानी विज्ञापन बोर्ड पर मार दिया। इसके बाद उन्होंने गुस्से में अपने ग्लव्स भी फेंक दिए।
जयसूर्या ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया। इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
इस मैच में तीन खिलाड़ियों पर कार्रवाई
जयसूर्या इस टेस्ट में आईसीसी की कार्रवाई का सामना करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले भारत के यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर भी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था।
जायसवाल और फर्नांडो के बीच मैच के दौरान तीखी बहस हुई थी। दोनों खिलाड़ियों के सिर भी आपस में टकराए थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत अलग किया गया।
भारत ने दूसरे दिन 503/9 के स्कोर पर पारी घोषित की थी। जवाब में श्रीलंका ने दिन का खेल खत्म होने तक 8/2 का स्कोर बनाया। इनमें से एक विकेट जयसूर्या का था।
