कांवड़ मेले की भीड़ में चेन स्नेचिंग, दो आरोपी गिरफ्तार; लूटी गई सोने की चेन बरामद
कांवड़ मेले की भीड़ में चेन स्नेचिंग, दो आरोपी गिरफ्तार; लूटी गई सोने की चेन बरामद
हरिद्वार: कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से झपटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूदेव निवासी बड़ौत, उत्तर प्रदेश और करण निवासी भजनपुरा, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कांवड़ियों के भेष में हरिद्वार पहुंचे थे और करीब पांच से छह दिन तक इलाके में रहकर वारदात के लिए रेकी कर रहे थे।
बैरागी कैंप में महिला को बनाया निशाना
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 15 अगस्त को बैरागी कैंप में बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से चेन झपट ली और फरार हो गए थे।
इस मामले में महिला के पति कुश शर्मा निवासी फेस-3, जगजीतपुर ने 21 अगस्त को कनखल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से मिला सुराग
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले।
पुलिस ने 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर जियापोता के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई।
कांवड़ियों के भेष में कर रहे थे रेकी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार पहुंचे थे और भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग करने की फिराक में थे। दोनों ने कथित तौर पर हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक रेकी की थी।
इसके बाद बैरागी कैंप में अकेली महिला को निशाना बनाकर चेन झपटी गई।
भूदेव पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी भूदेव का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट और चेन स्नेचिंग समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद भूदेव ने दिल्ली निवासी करण को साथ लेकर चेन स्नेचिंग की वारदातें करने की योजना बनाई थी। पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
