उत्तराखंड

रक्षाबंधन पर CM धामी ने दोहराया मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प, 28-29 अगस्त को महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा

रक्षाबंधन पर CM धामी ने दोहराया मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प, 28-29 अगस्त को महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में महिलाओं के बीच पहुंचकर पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला के सर्वे स्टेडियम में आयोजित समारोहों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान भारतीय संस्कृति और संस्कार का आधार है तथा किसी भी समाज की प्रगति में मातृशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

महिलाओं को 28 और 29 अगस्त को मुफ्त बस यात्रा

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की। इससे महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

5 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 7 हजार से अधिक ग्राम संगठन और 500 से ज्यादा क्लस्टर संगठन भी महिलाओं के सामूहिक नेतृत्व को मजबूत कर रहे हैं।

धामी के अनुसार, 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह अब केवल आय का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के केंद्र बन रहे हैं।

सरकारी सेवाओं में 30% क्षैतिज आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके अधिकारों पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू है। उन्होंने समान नागरिक संहिता को भी महिलाओं के अधिकारों और समान न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी अभियान सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान और कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में है।

34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने नकल विरोधी कानून और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिलें और भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

‘मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, भाई के रूप में आया हूं’

रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आज मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में बहनों के बीच आए हैं। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में वे अपनी बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकती हैं और उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाने के लिए काम कर रही है जहां बेटियां सुरक्षित हों, महिलाएं आत्मनिर्भर हों, माताएं सम्मान के साथ जीवन बिताएं और युवा अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त रहें।

चौधरी फार्म में आयोजित कार्यक्रम में जोगिंदर सिंह पुंडीर, विनय कुमार रोहिला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। वहीं सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *